HomeUncategorizedश्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ निकली श्री राम भक्त हनुमान जी...

श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ निकली श्री राम भक्त हनुमान जी की 36वीं विशाल शोभायात्रा

  • भव्य रथों, आकर्षक धार्मिक झांकियों और मधुर भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ मेरठ का सदर क्षेत्र

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गत 35 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री हनुमान शोभायात्रा समिति (रजि.)।द्वारा रविवार को श्री राम भक्त हनुमान जी की 36वीं विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजन किया गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर, सदर नया बाजार, मेरठ कैंट से दोपहर में हुआ। सदर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से गुजरती हुई शोभायात्रा पुनः मंदिर स्थल पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह, भक्ति और धार्मिक आस्था देखते ही बन रही थी।मेरठ के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में विशेष स्थान रखने वाली इस शोभायात्रा में भव्य रथों, आकर्षक धार्मिक झांकियों, प्रसिद्ध बैंड पार्टियों, शहनाई वादन और भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे सदर क्षेत्र में जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

विधिवत पूजन एवं उद्घाटन के साथ हुआ शोभायात्रा का शुभारंभ

शोभायात्रा के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मुख्य शोभायात्रा का अखंड ज्योति का प्रज्ज्वलन अमित गर्ग मूर्ति ने कियाl उद्घाटन ज्योतिषाचार्य राहुल अग्रवाल एवं प्रथम तिलक गौरव गुप्ता द्वारा किया गया। गणेश रथ का उद्घाटन ला फ्लोरा बैंक्वेट हॉल की ओर से किया गया, जबकि गणेश जी का प्रथम तिलक एवं आरती शोभित अग्रवाल द्वारा संपन्न की गई। राधावल्लभ रथ का उद्घाटन सीए संजय रस्तोगी ने किया तथा राम दरबार का तिलक एवं आरती पंकज सैनी द्वारा की गई। शोभायात्रा में सम्मिलित श्री हनुमान जी की प्रतिमा का प्रथम तिलक मनीष सिंघल ने किया, जबकि ध्वजारोहण महेश चाट भंडार की ओर से किया गया।

भव्य रथों और मनमोहक झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

शोभायात्रा में भगवान गणेश जी का डोला, श्री हनुमान जी का भव्य मुख्य रथ, राधावल्लभ भजन मंडली, मारकण्डेय जी की झांकी, बालाजी की झांकी, भगवान शंकर एवं रावण की झांकी, मां काली की साउंड युक्त झांकी, मां दुर्गा एवं मां वैष्णो देवी की झांकी तथा राम दरबार की साउंड युक्त झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अतिरिक्त अन्य शहरों से आये बैंड पार्टी, अन्य प्रसिद्ध बैंड पार्टियों और शहनाई पार्टी की प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाया। महाकाल की आकर्षक झांकी को भी धर्मप्रेमियों ने खूब सराहा। धार्मिक संगीत, भजनों और सुसज्जित रथों के साथ आगे बढ़ती शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ दिया।

परंपरा, आस्था और सेवा का संदेश

इस वर्ष शोभायात्रा में सम्मिलित श्री हनुमान जी के विग्रह को सरधना रोड स्थित ग्राम जंगेठी के विशाल मंदिर में स्थापित किया जाएगा। इस उद्देश्य से सेवादारों द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को विग्रह को मंदिर स्थल से ले जाया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, सेवा-भाव और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

प्रमुख मार्गों से गुजरकर मंदिर स्थल पर संपन्न हुई शोभायात्रा

शोभायात्रा श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर, सदर नया बाजार से प्रारंभ होकर चौक पत्ता मोहल्ला, सोतीगंज, कुट्टी चौक, धानेश्वर मंदिर चौक, दाल मंडी, सर्राफा बाजार, ढोलकी मोहल्ला, हेकड़ पुलिस स्ट्रीट, सदर थाना, धर्मपुरी, बैंकर्स स्ट्रीट, सर्राफा बाजार, चौक बाजार एवं हनुमान चौक से होते हुए आबूलेन फव्वारा चौक, दुर्गाबाड़ी स्कूल, तेली मोहल्ला और सदर कबाड़ी बाजार से होकर पुनः मंदिर स्थल पर संपन्न हुई। पूरी यात्रा के दौरान सदर क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक शोभायात्रा का स्वागत किया।

समिति पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का रहा विशेष योगदान

शोभायात्रा में पधारे सभी अतिथियों, यजमानों एवं गणमान्य नागरिकों का श्री हनुमान शोभायात्रा समिति द्वारा सामूहिक रूप से स्वागत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, महामंत्री पारस खण्डूजा, कोषाध्यक्ष अनुभव जैन, मुख्य संयोजक ललित अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक सिंघल सहित सचिन गोयल, अमित अग्रवाल, राजीव टुटेजा, विकास गुप्ता, सौरभ भाटिया, सुबीर बैनर्जी, नीरज धमिजा एवं अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और धर्मप्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समिति ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, यजमानों, व्यापारियों, बैंड पार्टियों, सेवादारों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, भविष्य में भी इसी श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments