Home Blog Page 22

एसटीएफ ने करोड़ों की जीएसटी चोरी करने वाले गैंग के सदस्य को जयपुर से दबोचा

नित्य संदेश ब्यूरो

लखनऊ। स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश ने थाना कोतवाली पीलीभीत पर पंजीकृत मु0अ0सं0 02/2023 में वांछित चल रहे फर्जी फर्म बनाकर फर्जी ई-वे बिल से इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेकर सरकार को करोड़ों की चपत लगाने वाले गैंग के सदस्य अंकुर कांडा को गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के अनुसार, 18-10-2026 को समय लगभग 14:30 बजे टीम ने अंकुर कांडा पुत्र महावीर प्रसाद निवासी सी-32 पलासिया अपार्टमेंट, ई-2 पृथ्वीराज रोड, सी-स्कीम, थाना अशोक नगर, जनपद जयपुर (राजस्थान) को उसके घर से गिरफ्तार किया। यह मामला 03.01.2023 को वादी मो0 फरमान निवासी सरफराज खां, थाना कोतवाली पीलीभीत ने दर्ज कराया था। आरोप था कि उसकी फर्म ‘फरमान एंड संस’ के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर दिल्ली में रायन इंटरनेशनल और फुटनेक्स्ट इंटरनेशनल नाम से फर्जी फर्म बनाकर उसके नाम पर लाखों का टर्नओवर दिखाया गया और कूट रचित दस्तावेजों से जीएसटी चोरी की गई। इस पर थाना कोतवाली पीलीभीत में धारा 420/467/468/471/120बी के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना बाद में एसटीएफ मेरठ को स्थानांतरित की गई। निरीक्षक रविन्द्र कुमार, उ0नि0 अरुण कुमार निगम व टीम ने मुखबिर की सूचना पर जयपुर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा।

पूछताछ में अंकुर ने बताया कि वह साथियों के साथ एशिया बिटुमन नाम से फर्म बनाकर बिटुमन ट्रेडिंग करता था। 2017-18 में दिल्ली में मिले लोगों ने उसे बताया कि उन्होंने फरमान के कागजात से फर्जी फर्में खोली हैं। आरोपियों ने बिटुमन ट्रेडिंग के नाम पर ही रायन इंटरनेशनल का रजिस्ट्रेशन कराकर IDBI, Yes व अन्य बैंकों में खाते खोले। ये लोग जिन ट्रेडर्स को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ लेना होता था, उनके नाम से फर्जी ई-वे बिल बनाकर पैसा अपने खातों में लेते, फिर हवाला के जरिए कमीशन काटकर वापस कर देते थे और सरकार से इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लेते थे। गिरफ्तार अभियुक्त को थाना कोतवाली पीलीभीत में दाखिल कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ऋषभ अकादमी स्कूल ने रोमांचक मुकाबले में जीता सब जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्थानीय गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के मैदान पर खेले गए पहले ऑल इंडिया इंटर-स्कूल चौधरी नरिंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में ऋषभ अकादमी स्कूल ने रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल को 8 रनों से हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।  

टॉस जीतकर रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषभ अकादमी स्कूल ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 198 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मुआज ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि प्रिंस ने 40, विहान ने 38 और फैमाश ने 37 रनों का योगदान दिया। रुद्रा इंटरनेशनल की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अर्नव और रनदीप ने 2-2 विकेट झटके, वहीं दिव्यांश, सुयाश, लवीश और साद को 1-1 सफलता मिली।  

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की टीम ने रोमांचक संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 190 रन ही बना सकी। टीम के लिए मो. साद अहमद ने 43, रनदीप ने 41, अर्नव ने 37 और कस्यप राज ने 36 रनों की पारियां खेलीं। ऋषभ अकादमी की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए प्रिंस ने अकेले 6 विकेट चटकाए, जबकि आद्या ने 2 और अब्दुल रहमान ने 1 बल्लेबाज को आउट किया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्रिंस को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।  

टूर्नामेंट के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कविश जैन, नीरज शर्मा, रोहित कुमार और चिराग ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आयोजन सचिव अतहर अली व रजनी ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट में अब्दुल रहमान को ‘बेस्ट बॉलर’ और भारती हांडा को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया।

क्रिकेट कोच अतहर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि अंडर-14 प्रथम ऑल-इंडिया इंटर-स्कूल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल (GTBPS) के प्रांगण में किया जाएगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि अमित गर्ग मूर्ति शिरकत करेंगे।  

खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित:

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया। रनर-अप टीम के रणदीप सिंह और बेस्ट कीपर ऋतिक सिरोही को सम्मानित करने के साथ-साथ गेंदबाजों को बैटिंग शूज़ भेंट किए गए।  

सफल आयोजन में प्रमुख योगदान:

इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन में विनीत सरीन, ई.एम. पब्लिक, अमित अग्रवाल (विधायक, मेरठ कैंट), डॉ. गोपाल दीक्षित और प्रभा राव का विशेष योगदान प्राप्त हुआ है।

सोमदत्त सिटी ए ब्लॉक में मनाया नवरात्रि उत्सव

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गढ रोड स्थित सोमदत्त सिटी ए ब्लॉक में सोमवार रात्रि को समिति की महिलाओं द्वारा नवरात्रि पर्व के चलते एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सोमदत्त सिटी सोसायटी की सभी महिलाओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभा किया। सर्वप्रथम माता शेरावाली की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने माता रानी के भक्ति गीतों पर डांडिया नृत्य किया। कार्यक्रम के आयोजन में पुनीता सिंह, शिप्रा, नीलम, मीनाक्षी, निशा का सहयोग रहा। कार्यक्रम के उपरांत सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरण किया गया।



एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस लाइन में ब्रीफिंग, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत रिजर्व पुलिस लाइन में ब्रीफिंग आयोजित की गई।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

दशहरे के पावन पर्व पर अपने गांव की 8 किलोमीटर की पदयात्रा

नित्य संदेश। आज दशहरे के पावन पर्व पर सुबह 3:45 बजे उठकर मैंने अपने गांव बढ़ेडी नागल में लगभग 8 किलोमीटर की पदयात्रा की। यह केवल पैदल चलना नहीं था, बल्कि अपने बचपन की यादों, गांव की मिट्टी और जीवन के पुराने अनुभवों से दोबारा जुड़ने का एक खूबसूरत अवसर था।

सुबह की शुरुआत और बचपन की यादें!

सुबह-सुबह अपने घर से निकलकर मैं नागल रेलवे स्टेशन पहुंचा। रेलवे स्टेशन के पास ही जनता इंटर कॉलेज है, जहां मैंने कक्षा 6 की पढ़ाई की थी। वहां पहुंचते ही बचपन की यादें ताजा हो गईं। मन अनायास ही उन दिनों में लौट गया, जब जीवन सरल था और सपने बड़े हुआ करते थे।

गांव की गलियों से अपने खेतों तक!

जनता इंटर कॉलेज से आगे बढ़ते हुए मैं मीरपुर रेलवे फाटक से होकर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर रोड पर पहुंचा। वहां से अपने खेत यानी चक पर गया। कुछ देर खेत में बैठकर प्रकृति के सान्निध्य का आनंद लिया। खेत की मिट्टी और गांव का शांत वातावरण मन को एक अलग ही सुकून दे रहा था। इसके बाद मैं ताजपुर रोड स्थित अपने दूसरे चक पर पहुंचा। वहां से आगे बढ़ते हुए डिगोली रोड पर स्थित श्मशान घाट गया। श्मशान घाट पर कुछ देर शांत बैठा। ऐसी जगह पर पहुंचकर जीवन की नश्वरता का एहसास होता है। मनुष्य जीवन में धन, पद, प्रतिष्ठा और अहंकार के पीछे भागता रहता है, लेकिन अंततः जीवन का सत्य यही है कि सब कुछ यहीं छूट जाता है। इसलिए जीवन में जितना संभव हो, प्रेम, सेवा, सद्भाव और परोपकार को महत्व देना चाहिए। श्मशान घाट से सीधे सहारनपुर रोड होते हुए थाने के सामने से गुजरकर अपने घर वापस आ गया।

आज की यह 8 किलोमीटर की पदयात्रा मेरे लिए केवल शारीरिक गतिविधि नहीं थी। यह अपने बचपन को याद करने, अपनी जड़ों से जुड़ने, प्रकृति के करीब रहने और जीवन के वास्तविक अर्थ को समझने की एक छोटी-सी यात्रा थी। दशहरे का पर्व हमें भीतरी बुराइयों पर विजय पाने की प्रेरणा देता है। आइए, हम अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ और द्वेष का अंत करके प्रेम, करुणा और मानवता को अपने जीवन का आधार बनाएं।

 मेरा संदेश: 

गांव की मिट्टी से जुड़िए, प्रकृति के साथ चलिए, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखिए और जीवन को केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के कल्याण के लिए भी जिएं।

Dr Anil Nausaran

Cyclomed Fit India 

Simple Food • Natural Living • Healthy Life