HomeUncategorizedकैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी...

कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का 139वाँ संस्करण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कैंट विधानसभा क्षेत्र के पटेल नगर मंडल अंतर्गत शिवाजी रोड स्थित बूथ संख्या 352 (वार्ड संख्या 44) पर आलोक गुप्ता के प्रतिष्ठान गुप्ता क्लासेस में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा अंकुर कुशवाहा, महानगर उपाध्यक्ष युवा मोर्चा अक्षित त्यागी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रेरणादायी प्रयासों, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। खादी, जैविक कपास और स्थानीय उत्पादों के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने जनभागीदारी एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था के महत्व को रेखांकित किया।

संबोधन में श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती और उससे जुड़े उद्यमों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के प्रयासों का भी उल्लेख हुआ। मेघालय में मिलेट्स से खाद्य उत्पाद तैयार करने तथा नागालैंड में इसकी खेती को पुनर्जीवित करने के प्रयास इस बात के उदाहरण हैं कि पारंपरिक कृषि को नवाचार से जोड़कर नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने अंगदान के महत्व पर चर्चा करते हुए मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की शिवानी जी के परिवार के निर्णय का उल्लेख किया। यह उदाहरण अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को नया जीवन देने की भावना को प्रेरित करता है। इसके साथ ही ई-संजीवनी जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से स्वास्थ्य एवं तकनीकी क्षेत्र में हो रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं, रामायण के प्रेरणादायी प्रसंगों, स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद के योगदान तथा वैज्ञानिक नरिंदर सिंह कपानी के कार्यों का उल्लेख भी प्रेरणा का विषय रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया गया। साथ ही, दीपावली एवं छठ जैसे पर्वों पर स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल सहित उपस्थित सभी लोगों ने लोकतंत्र की रक्षा करने, अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पूर्ण ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने तथा भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने राष्ट्र को कमजोर करने वाले प्रयासों का एकजुट होकर विरोध करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का पूर्ण योगदान देने का संकल्प लिया।

विधायक श्री अग्रवाल ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग क्षेत्रों में समाजहित के लिए कार्य कर रहे नागरिकों के प्रयासों को सामने लाने का माध्यम है। ऐसे प्रेरणादायी उदाहरण जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए जनसेवा, सामाजिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता के लिए सक्रिय योगदान देगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments