
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब द्वारा शनिवार को फूल बाग कॉलोनी स्थित एडवांस फिजियोथैरेपी क्लीनिक पर करवा चौथ सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। क्लब निदेशक आयुष गोयल एवं पीयूष गोयल ने बताया कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। परंपराओं के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका गर्ग (वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने दी सलाह –
उन्होंने कहा कि व्रत के दौरान अधिक शारीरिक परिश्रम से बचें। पानी की कमी, चक्कर या कमजोरी को नजरअंदाज न करें। जो महिलाएं नियमित दवा लेती हैं, वे खुराक में बदलाव से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। हल्का प्राणायाम और ध्यान लाभकारी रहेगा।
खानपान विशेषज्ञ डॉ. भावना गांधी ने बताया –
सरगी में अनार, केला, सेब जैसे ताजे फल और बादाम, मखाना, किशमिश, खजूर जैसे ड्राई फ्रूट्स शामिल करें। चाय-कॉफी का सेवन कम रखें। दही, छाछ, पनीर जैसे हल्के खाद्य पदार्थ लें। व्रत खोलते समय एकदम से तला-भुना और भारी भोजन न करें, पहले पानी या नारियल पानी धीरे-धीरे पिएं।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर – इस अवसर पर ड्यूटी अस्पताल द्वारा 100 महिलाओं के लिए निशुल्क शुगर, बीपी जांच एवं चिकित्सीय परामर्श शिविर का भी आयोजन किया गया।
वरिष्ठ फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. स्तुति गिरी गोस्वामी ने सभी महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार पारिवारिक प्रेम और सद्भाव का प्रतीक हैं, साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी जरूरी है। कार्यक्रम में मुस्कान, महक, प्रियंका, पुष्पा, पूनम सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।


