Home Blog Page 18

ब्रह्मपुरी पुलिस ने 24 घंटे में खोली फैक्ट्री चोरी की वारदात, 4 गिरफ्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने फैक्ट्री में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 22.10.2026 को M/S M.W. Enterprises के मालिक मौ. तौसीफ निवासी जली कोठी, दिल्ली गेट ने थाने पर तहरीर दी थी कि उनकी फैक्ट्री से करीब 50 किलो पीली धातु के बुश चोरी हो गए हैं। तहरीर पर मु0अ0सं0 422/2026 धारा 305 BNS में मुकदमा दर्ज किया गया था। SSP मेरठ के आदेश पर SP नगर के निर्देशन व CO ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजेश काम्बोज के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने 1. इरफान (भैसा रोड, मवाना), 2. अरशद (शौकीन गार्डन, लिसाड़ी गेट), 3. फैसल (फलावदा रोड, मवाना) और 4. साहिल (शौकीन गार्डन) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के करीब 7 किलोग्राम पीली धातु के बुश बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में इरफान, फैसल और साहिल शातिर किस्म के चोर हैं जिन पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) BNS की वृद्धि कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

परीक्षितगढ़ में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 बदमाश गिरफ्तार; 8 बाइक, हथियार और नकदी बरामद

रवि गौतम

नित्य संदेश,  परीक्षितगढ़। एमएलसी चुनाव-2026 के मद्देनजर थाना परीक्षितगढ़ पुलिस और स्वाट टीम देहात ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी कर काटने वाले गिरोह के 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम खजूरी के पास परीक्षितगढ़-मेरठ रोड पर चेकिंग के दौरान यह गिरफ्तारी की। पकड़े गए अभियुक्तों के नाम मोसिन, फरमान, सूफियान उर्फ सोफी (तीनों निवासी घोसीपुर, लोहियानगर), शाह आलम (लिसाड़ी गेट) और मोहम्मद असलम (आजमगढ़) हैं। थाना प्रभारी केदार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अभियुक्तों के कब्जे से 6 कटी हुई मोटरसाइकिलें, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें, 1 छोटा हाथी वाहन, 3 अवैध तमंचे .315 बोर, 2 जिंदा कारतूस और 19,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

इस संबंध में थाना परीक्षितगढ़ पर मु0अ0सं0 352/2026 धारा 317(2)/317(5)/111 BNS व 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी अभियुक्त शातिर किस्म के हैं और इन पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद वाहनों का सत्यापन कर रही है।

कविता : गाँव की याद… वर्षा प्रतीक व्यास

गाँव की याद

वो मिट्टी के घरौंदे,
वो कागज़ की नाव
वो चिड़ियों के घोंसले,
वो पेड़ों की छाँव,
वो गायों का आना,
कौओं की कांव-कांव,
वो कोयल की कूक,
अपनों से ज्यादा अपनें थे
लोग जहां के,
ये कहां के लिए चले थे हम,
कहाँ आ गए?
ये सब वो घर-बार नहीं,
ये वो दर-ओ-दीवार नहीं,
हाय! कहाँ गया मेरा गाँव,
दर-दर भटक रहे हैं हम,
हर खिड़की को तक रहे हम,
अनजानी-सी शक्लें सबकी,
अनजानों से नाम है।
किससे पूछूँ पता मैं अपना,
सब हैं गूँगे या ये बूत हैं,
सबकुछ यहां पर साबूत है।
टूट रहे हैं सारे सपने,
छूट रहे हैं फिर सब अपने,
छाले पग के फूट रहे हैं,
पत्थरों पर पड़ रहे हैं पाँव
कैसे? कहाँ? ढूँढू मैं उसको
हाय! कहाँ गया मेरा वो गाँव।

—वर्षा प्रतीक व्यास

रोहटा ब्लॉक में स्नातक व शिक्षक एमएलसी के लिए करीब 58 फीसदी मतदान हुआ

नित्य संदेश ब्यूरो

रोहटा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद 2026 की 11 खाली सीटों के लिए शुक्रवार कों सुबह 8 बजे से 4 बजे तक मतदान हुआ। मेरठ-साहरनपुर स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए विकास खण्ड रोहटा में करीब 58 फीसदी मतदान हुआ। रोहटा में तीन बूथों पर स्नातक व शिक्षक के लिए शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। इस दौरान रोहटा ब्लॉक में तीन बूथ बनाये गए थे, जिसमें 158 व 159 बूथ पर स्नातक के लिए मतदान हुआ और बूथ नंबर 160 शिक्षक मतदाताओं के लिए बनाया गया था।

बूथ नंबर 158 के पीठासीन अधिकारी डॉ0 कृष्णपाल सिंह ने बताया कि शाम 4 बजे तक कुल 112 मतदाताओ में 60 मत पड़े, जिसमें 46 पुरुष व 14 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। बूथ नंबर 159 के पीठासीन अधिकारी दीपक चौबे ने बताया कि बूथ पर कुल 108 मत में से 68 मत पड़े, जिसमें 39 पुरुष व 29 महिलाओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। शिक्षक निर्वाचन के बूथ नंबर 160 के पीठासीन अधिकारी नितिन वर्मा ने बताया कुल 129 मत में से 48 मत शिक्षकों ने दिया। सेक्टर मजिस्ट्रेट हिमांशु धारिया व जोनल मजिस्ट्रेट ने टीम के साथ बूथ का निरीक्षण कर रोहटा स्थित मतदान केन्द्र की समीक्षा की। इसी बीच सीओ सौम्या अस्थाना ने पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिस कों शांति पूर्ण मतदान कराने के लिए प्रोत्साहित करते हुए परेड कराई तथा सकुशल और शांतिपूर्ण मतदान के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। एसओ रोहटा पूजा पंवार व मतदान प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज इंदर राम प्रसाद यादव पूरे समय अलर्ट मोड़ पर रहे और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होने पर राहत की सांस ली। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज मतदान हुआ।


सबसे कम शिक्षकों का रुझान रहा
शिक्षक एमएलसी के लिए बनाये गए मतदान केन्द्र संख्या 160 पर 129 वोट में से मात्र 48 मत ही डाले गए यानि 37 फीसदी ही मतदान हुआ समाज का सबसे पढ़ा लिखा तबका ही सबसे कम मत का प्रयोग कर पाया।

सुभारती पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सात दिवसीय फिल्म निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में ‘फिल्में कैसे बनती हैं’ विषय पर सात दिवसीय फिल्म निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। अकादमिक ज्ञान और फिल्म निर्माण की वास्तविक कार्यप्रणाली के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पश्चिम बंगाल के सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक अमलान कुसुम घोष मुख्य प्रशिक्षक के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

कार्यशाला का उद्घाटन कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुधीर त्यागी, फिल्म निर्देशक अमलान कुसुम घोष, साप्ताहिक प्रभात के संपादक प्रो. अशोक त्यागी, कार्यशाला संयोजक डॉ. संतोष कुमार गौतम, डॉ. आशुतोष वर्मा एवं डॉ. प्रीति सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुधीर त्यागी ने कहा कि फिल्म निर्माण आज केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों, रचनात्मक अभिव्यक्ति और जनसंचार का एक प्रभावशाली साधन है। डिजिटल युग में युवाओं के लिए फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को पटकथा लेखन, कैमरा संचालन, संपादन और दृश्यात्मक प्रस्तुति की व्यावहारिक समझ प्रदान करती हैं। इससे विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा निखरेगी और वे मीडिया एवं फिल्म उद्योग की व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकेंगे।

कार्यशाला के संयोजक डॉ. संतोष कुमार गौतम ने कहा कि इस कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण की पूरी प्रक्रिया से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक सोच को तकनीकी दक्षता के साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण केवल कैमरे से दृश्य रिकॉर्ड करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए विषय की समझ, प्रभावी पटकथा, सटीक निर्देशन, तकनीकी कौशल और कहानी को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता आवश्यक है। इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेषज्ञ के अनुभव से सीखने, अपनी कल्पनाशीलता को विकसित करने और भविष्य में स्वतंत्र रूप से फिल्म निर्माण करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उद्घाटन सत्र में मुख्य प्रशिक्षक अमलान कुसुम घोष ने समकालीन सिनेमा में रचनात्मक दृष्टिकोण, प्रभावशाली दृश्यात्मक प्रस्तुति और तकनीकी अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं उपकरणों का प्रभावी उपयोग करते हुए सार्थक और प्रभावशाली कहानियां प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजुअल स्टोरीटेलिंग तथा फिल्म उद्योग के बदलते रुझानों पर चर्चा की। सात दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को प्री-प्रोडक्शन प्लानिंग, पटकथा लेखन, कैमरा फ्रेमिंग, लाइटिंग सेटअप, निर्देशन संबंधी निर्णयों और पोस्ट-प्रोडक्शन की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण के विभिन्न चरणों की समग्र समझ प्रदान करना है।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस का समापन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की सहायक आचार्य डॉ. प्रीति सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग देने के लिए विश्वविद्यालय नेतृत्व, मुख्य प्रशिक्षक अमलान कुसुम घोष, संकाय सदस्यों, छात्र आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बीएजेएमसी प्रथम वर्ष की छात्रा उमामा अरशद ने किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।