
नित्य संदेश ब्यूरो
रोहटा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद 2026 की 11 खाली सीटों के लिए शुक्रवार कों सुबह 8 बजे से 4 बजे तक मतदान हुआ। मेरठ-साहरनपुर स्नातक व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए विकास खण्ड रोहटा में करीब 58 फीसदी मतदान हुआ। रोहटा में तीन बूथों पर स्नातक व शिक्षक के लिए शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। इस दौरान रोहटा ब्लॉक में तीन बूथ बनाये गए थे, जिसमें 158 व 159 बूथ पर स्नातक के लिए मतदान हुआ और बूथ नंबर 160 शिक्षक मतदाताओं के लिए बनाया गया था।
बूथ नंबर 158 के पीठासीन अधिकारी डॉ0 कृष्णपाल सिंह ने बताया कि शाम 4 बजे तक कुल 112 मतदाताओ में 60 मत पड़े, जिसमें 46 पुरुष व 14 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। बूथ नंबर 159 के पीठासीन अधिकारी दीपक चौबे ने बताया कि बूथ पर कुल 108 मत में से 68 मत पड़े, जिसमें 39 पुरुष व 29 महिलाओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। शिक्षक निर्वाचन के बूथ नंबर 160 के पीठासीन अधिकारी नितिन वर्मा ने बताया कुल 129 मत में से 48 मत शिक्षकों ने दिया। सेक्टर मजिस्ट्रेट हिमांशु धारिया व जोनल मजिस्ट्रेट ने टीम के साथ बूथ का निरीक्षण कर रोहटा स्थित मतदान केन्द्र की समीक्षा की। इसी बीच सीओ सौम्या अस्थाना ने पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिस कों शांति पूर्ण मतदान कराने के लिए प्रोत्साहित करते हुए परेड कराई तथा सकुशल और शांतिपूर्ण मतदान के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। एसओ रोहटा पूजा पंवार व मतदान प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज इंदर राम प्रसाद यादव पूरे समय अलर्ट मोड़ पर रहे और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होने पर राहत की सांस ली। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज मतदान हुआ।
सबसे कम शिक्षकों का रुझान रहा
शिक्षक एमएलसी के लिए बनाये गए मतदान केन्द्र संख्या 160 पर 129 वोट में से मात्र 48 मत ही डाले गए यानि 37 फीसदी ही मतदान हुआ समाज का सबसे पढ़ा लिखा तबका ही सबसे कम मत का प्रयोग कर पाया।


