
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। महाकाव्य रामायण के रचयिता महान दार्शनिक महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षदों और पदाधिकारियों द्वारा घंटाघर स्थित महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान वक्ताओं ने महाकाव्य रामायण में वर्णित संदेशों का अवलोकन करते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम समाज में आपसी भाईचारा, सद्भावना और एकता के संदेश को मजबूत करें और समाज में नफरत फैलाने वाले तथा भेदभाव करने वालों को समाज एवं सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद दल नेता अफजाल सैफी, महानगर उपाध्यक्ष संजय यादव, पूर्व पार्षद व बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव संगीता राहुल, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद चांद, समाजवादी छात्र सभा के पूर्व प्रदेश सचिव संजय घायल, युवा नेता मोहम्मद बिलाल कुरैशी, अरसलान खान, रिजवान कुरैशी, एबाद खान, सोहेल सैफी, सुमित बौद्ध आदि उपस्थित रहे।


