
नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान (रायहान) वाड्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फोटोग्राफर और विजुअल आर्टिस्ट के तौर पर पहचान बना चुके रेहान की दिल्ली के बीकानेर हाउस में चल रही फोटो प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ को लेकर विवाद के बाद उनके राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल रेहान ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उन्हें दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शनों से जुड़ी 105 में से 70 से 74 तस्वीरें हटाने को कहा। इन तस्वीरों में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जैसे दृश्य थे। इस विवाद के बाद कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया, वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार रेहान को राजनीतिक रूप से तैयार कर रहा है।
कौन हैं रेहान वाड्रा?
रेहान वाड्रा का जन्म 29 जून 2000 को हुआ। वे प्रियंका गांधी वाड्रा और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाती हैं। फोटोग्राफी के साथ-साथ उन्होंने 2019 में लंदन के स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडीज (SOAS) से राजनीति की पढ़ाई की है, जहां उन्होंने ‘आई पार्लियामेंट’ नामक संगठन की सह-स्थापना भी की थी।
फिलहाल रेहान ने राजनीति में आने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन प्रदर्शनी में विरोध-प्रदर्शनों की तस्वीरों को लेकर उनकी सक्रियता और SOAS में राजनीति की पढ़ाई की पृष्ठभूमि को देखते हुए सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि गांधी परिवार की तीसरी पीढ़ी का एक और सदस्य जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रख सकता है।


