HomeUncategorizedमेरठ के व्यापक विकास में जन सूचना अधिकारी करें योगदान — राज्य...

मेरठ के व्यापक विकास में जन सूचना अधिकारी करें योगदान — राज्य सूचना आयुक्त

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ पहुंचे राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने नए सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि मेरठ समग्र विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है। इसमें जन सूचना अधिकारी भी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदकों को सूचना उपलब्ध करानी चाहिए। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ ही जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान में भी सहायता मिलेगी।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के क्षेत्र में मेरठ ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। खेल उपकरणों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से खेल एवं खेल उपकरण उद्योग के क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं सृजित हुई हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ का मजबूत इंजीनियरिंग आधार, विनिर्माण इकाइयां तथा सहायक औद्योगिक इकाइयों का नेटवर्क इसे देश के प्रमुख खेल सामग्री उत्पादन केंद्रों में विशिष्ट स्थान प्रदान करता है। मेरठ के भावी विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत टाउनशिप विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित टाउनशिप नमो भारत कॉरिडोर और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निकट स्थित होगी। यह क्षेत्र शहर की महायोजना में औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी चिह्नित है।


उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गंगा एक्सप्रेसवे के प्रारंभिक बिंदु तथा दिल्ली-मेरठ रेल परिवहन सेवा के निकट होने के कारण आवागमन और औद्योगिक विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जन सूचना अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ करें, ताकि आमजन को शासन-प्रशासन से संबंधित सूचनाएं समय पर प्राप्त हों और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। इस अवसर पर एसीएम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments