Homeमध्य प्रदेशइंदौरमहाराष्ट्र के स्वाद में इंदौरी तड़का, जत्रा में उमड़ा जनसैलाब

महाराष्ट्र के स्वाद में इंदौरी तड़का, जत्रा में उमड़ा जनसैलाब

रविवार को होगा ‘जत्रा – मराठी वारसा फेस्टिवल’ का अंतिम दिन

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। सर्व मराठी भाषी सोशल एंड कल्चरल सोसायटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मेगा इवेंट ‘जत्रा – मराठी वारसा फेस्टिवल’ का दूसरा दिन उत्साह, सांस्कृतिक रंगों और पारंपरिक मराठी व्यंजनों के नाम रहा। शनिवार को शाम ढलने से पहले ही आयोजन स्थल पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते जत्रा परिसर में रौनक बढ़ती गई और रात आठ बजे तक पूरा ग्राउंड लोगों से गुलजार हो उठा। 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस फेस्टिवल में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से लोगों के लिए प्रवेश और विभिन्न गतिविधियां रखी गई हैं। महाराष्ट्र की पारंपरिक संस्कृति और व्यंजनों के साथ इंदौरी अंदाज का अनूठा संगम शहरवासियों को खूब आकर्षित कर रहा है।

जत्रा में पहुंचे लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने के साथ ही महाराष्ट्र के लजीज व्यंजनों का जमकर स्वाद लिया। खाने-पीने के स्टॉल देर रात तक गुलजार रहे और हर ओर लोगों की चहल-पहल दिखाई दी। पारंपरिक मराठी वेशभूषा, लोककलाओं, संगीत और खानपान ने आयोजन को एक जीवंत सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया।

जत्रा ने दोगुना किया लोगों का उत्साह

आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं सर्व मराठी भाषी सोशल एंड कल्चरल सोसायटी की अध्यक्ष स्वाति युवराज काशिद ने बताया कि जत्रा के दूसरे दिन भी लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दोपहर 2 बजे से ही आयोजन स्थल पर लोगों का आना शुरू हो गया था और शाम होते-होते बड़ी संख्या में परिवार यहां पहुंच चुके थे। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी और मराठी संस्कृति के प्रति उनका प्रेम देखकर मन प्रफुल्लित हो गया। जत्रा का उद्देश्य मराठी विरासत, परंपराओं, लोककलाओं और खानपान को एक साझा मंच पर प्रस्तुत करना है, जिसे लोगों का भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है।

पुणे और मुंबई से भी जत्रा देखने पहुंचे मेहमान

इंदौर के विजय नगर क्षेत्र स्थित गुजराती स्कूल में आयोजित जत्रा मराठी वारसा फेस्टिवल में पुणे और मुंबई से आए मेहमानों ने भी शिरकत की। इंदौर आए ये परिवार शहर में आयोजित इस बड़े मराठी सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने पहुंचे। उनके लिए यह देखना खास रहा कि महाराष्ट्र से दूर इंदौर में भी मराठी समाज अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। जत्रा ने स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आए मेहमानों को भी मराठी विरासत से रूबरू होने का अवसर दिया।

लावणी, गोंधल और पोवाड़े ने बांधा समां

महाराष्ट्र से आए लोकनृत्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद लावणी, गोंधल और पोवाड़े की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति के रंग में रंग दिया। लगभग चार घंटे तक चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए शाम 7 बजे से ही दर्शक अपनी-अपनी जगह पर बैठ गए थे। कलाकारों की लय, संगीत और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। विशेष रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज के गौरवशाली इतिहास और मराठी लोकपरंपरा से जुड़े पोवाड़ों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। जत्रा में लावणी के लिए ‘महाराष्ट्रचे मानकारी’ नाम की कलाकारों की टीम महाराष्ट्र से इंदौर आयी हुई है।

ठेठ मराठी और गावठी व्यंजनों का लिया स्वाद

जत्रा का फूड सेक्शन भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। यहां महाराष्ट्र के पारंपरिक और ग्रामीण स्वादों से लेकर लोकप्रिय मुंबई स्ट्रीट फूड तक की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिली। झुणका-भाकर, भरली वांगी, ठेसा-भाकर, बासुंदी, आप्पे, साबूदाना वड़ा, पुरणपोली, वड़ा पाव, मिसळ पाव, धपाटे, भरीत-भाकरी, श्रीखंड-पुरी, अनारसे, चकली, भाकरवड़ी, मुंबई की स्वादिष्ट भेल, कोथिंबीर वड़ी, सांबरवड़ी, वाटली दाल, धिरड़े (चिले), मसाला भात, कढ़ी गोळा, कलाकंद और मूंग हलवा सहित अनेक पारंपरिक व्यंजन लोगों के लिए उपलब्ध रहे।

खास बात यह रही कि हर स्टॉल पर लोगों की अच्छी भीड़ दिखाई दी। लोग परिवार और दोस्तों के साथ अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद लेते नजर आए। महाराष्ट्र के पारंपरिक जायके और इंदौर के खानपान प्रेम का यह मेल जत्रा की खास पहचान बनकर उभरा।

रविवार को जत्रा का अंतिम दिन

तीन दिवसीय ‘जत्रा – मराठी वारसा फेस्टिवल’ का समापन रविवार, 25 अक्टूबर को होगा। आयोजन के अंतिम दिन भी लोगों के लिए मराठी संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर रहेगा।जत्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments