- मंडलीय खादी महोत्सव में स्टार्टअप पिच टैंक और स्वदेशी थीम पर हुआ कवि सम्मेलन का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मेरठ मंडल द्वारा आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी / महोत्सव 2026-27 के अंतर्गत शनिवार को दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत कविशाला द्वारा स्वदेशी थीम पर आधारित कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल प्रबंधन अंकुर मिश्रा (सीईओ, कविशाला लैब्स प्राइवेट लिमिटेड) द्वारा किया गया। कवियों ने स्वदेशी, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत अपनी काव्य रचनाओं की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंकुर मिश्रा ने स्वदेशी पर कहा –
चरखे की गूँज में हिंदुस्तान चाहिए,
गांधी के ख़्वाबों-सा स्वाभिमान चाहिए।
विदेशी चमक से नहीं पहचान अपनी,
स्वदेशी के माथे पे हिंदुस्तान चाहिए।
फ़हमी रज़ा ज़ैदी ने यूपी की कला पर कहा –
रेशम बनारसी है, तो लखनऊ का चिकन, उत्तर प्रदेश के हर शहर में छुपा एक जहाँ है।
कालीनों ने भदोही की छोड़ी है वो चमक, छाया हुआ विश्व में हिंदुस्तान है।
स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना
इसके अलावा कवयित्री प्रेरणा और अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से खादी और स्वदेशी का संदेश दिया। बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना तथा आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है।

पिच टैंक स्टार्टअप प्रतियोगिता का आयोजन
प्रातः 10:00 बजे मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पिच टैंक स्टार्टअप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल रेहान अहमद (सीईओ, MIET इनक्यूबेशन फोरम मेरठ) रहे, जबकि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा अहलावत (सदस्य, उप्र राज्य महिला आयोग) रहीं। मुख्य अतिथि द्वारा नए स्टार्टअप प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय प्रमाण पत्र देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।


