
- राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित हो रही मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी/महोत्सव 2026-27 में शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।
सायं 5:00 बजे स्कूल ऑफ नेचर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रदर्शनी में आमजन की भारी भीड़ रही और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की खूब बिक्री हुई।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी सुश्री मान्या चतुर्वेदी ने स्कूल ऑफ नेचर के सभी प्रतिभागियों/कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। विभिन्न कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इन उद्देश्यों को साकार किया जा रहा है।
राज्य मंत्री आज करेंगे समापन
इस प्रदर्शनी का समापन रविवार को अपराह्न 3:00 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर द्वारा किया जाएगा। मान्या चतुर्वेदी ने जनपद वासियों से अपील की है कि प्रदर्शनी को सफल बनाने और स्टॉल लगाने वाले प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी मैदान, राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचें।


