
प्रमोद कुमार तेवतिया
नित्य संदेश, मेरठ। पारिवारिक मिलन जाट समाज मेरठ के तत्वावधान में 19वां जाट युवक-युवती परिचय सम्मेलन जाट भवन गढ़ रोड के प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र तोमर ने की। मुख्य अतिथि चौधरी एच.पी. सिंह परिहार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. रविन्द्र कुमार और चौधरी अमन सिंह मौजूद रहे।
संस्था के प्रवक्ता सुशील ढाका ने बताया कि इस सम्मेलन में 500 से ज्यादा परिवारों ने भाग लिया और 100 से ज्यादा रिश्तों को लेकर आपसी बातचीत हुई। डॉ. नरेंद्र तोमर ने संस्था की उपलब्धियों और समाज हित में किए गए कार्यों के बारे में बताया और वर्तमान समय में अधिक जागरूक होने की अपील की। मुख्य अतिथि चौधरी एच.पी. सिंह परिहार ने परिवार को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और समय से शादी से ही परिवार मजबूत होता है और मजबूत परिवार से ही सशक्त समाज बनता है। चौधरी अमन सिंह ने भाईचारे को मजबूत करने और आत्मबल जगाने पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. रविन्द्र कुमार ने शादी में फिजूलखर्ची रोकने और अधिक उम्र में हो रही शादियों पर चिंता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन सचिव सोहनवीर सिंह बालियान ने किया। इस अवसर पर चौधरी कल्याण सिंह, डॉ. विनोद तोमर, चौधरी सतेंद्र पंवार, सुधीर चौधरी, गजेंद्र पायल, हरबीर सुमन, ओमपाल बाना, वीरसैन तोमर, सी.पी. सिंह तेवतिया, रविन्द्र आर्य, राजेन्द्र सांगवान, एडवोकेट नरेंद्र ढाका सहित जाट समाज के सैकड़ों प्रबुद्धजन मौजूद रहे।


