- 30 सेकंड की मशीन ने खोली पोल, ज्यादातर का वजन अधिक, फैट हाई और बॉडी एज असली उम्र से 10 साल अधिक

लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में उत्तर प्रदेश ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-महोत्सव में इस बार सिर्फ खादी और हैंडीक्राफ्ट ही नहीं, बल्कि लोगों की सेहत का सच भी सामने आ रहा है। मेले में फिट भारत क्लब द्वारा लगाए गए निशुल्क ‘स्वास्थ्य का मूल्यांकन’ कैंप में जो आंकड़े आ रहे हैं, वे चिंताजनक हैं।
कैंप के हेल्थ एवं लाइफस्टाइल कोच सचिन कुमार और उनकी टीम रचना, दीपांशी, हेमचंद, नवीन और अभिनीत के अनुसार, अब तक जांच कराने आए लगभग 30 लोगों में से 25 लोगों का स्वास्थ्य मानकों पर खराब मिला है। उनकी लाइफस्टाइल और खानपान की आदतें पूरी तरह बिगड़ी हुई मिलीं। कैंप में लगी बॉडी स्कैनिंग मशीन पर खड़े होते ही व्यक्ति का पूरा बॉडी प्रोफाइल सामने आ जाता है। इसमें वजन, फैट प्रतिशत, इंटरनल फैट (VFA), स्केलेटल मसल्स, बॉडी एज, BMI और BMR शामिल है।
जैसे – 42 साल के एक व्यक्ति का आदर्श वजन 68 किलो होना चाहिए। अगर उसका वजन 77-78 किलो है तो वह 9 से 10 किलो ओवरवेट है। पुरुषों में फैट 10 से 20 प्रतिशत तक सामान्य है, जबकि महिलाओं में 20 से 30 प्रतिशत। इससे अधिक होने पर यह हाई माना जाता है। इसी तरह इंटरनल फैट 0.5 से 9 प्रतिशत तक सामान्य, 10 से 15 प्रतिशत हाई और 15 से ऊपर डेंजर जोन में आता है। जांच में अधिकांश लोगों में फैट 26 प्रतिशत से अधिक, BMI 25 से ऊपर और बॉडी एज असली उम्र से 5 से 8 साल अधिक मिल रही है।
क्यों बिगड़ रही है सेहत?
क्लब द्वारा दिए जा रहे परिवार स्वास्थ्य कार्ड पर इसका कारण भी लिखा है – “80% पोषण युक्त भोजन + 20% शारीरिक मेहनत = 100% स्वास्थ्य”। लेकिन आज के भोजन में इसका उल्टा हो रहा है। हम अधिक शुगर, नमक, शराब, तम्बाकू, वसा, कैमिकल्स, कीटनाशक दवाइयां, आर्टिफिशियल रंग और प्रिजर्वेटिव का प्रयोग कर रहे हैं। प्रोटीन, विटामिन, मिनरल, आयरन, फाइबर, पानी और कैल्शियम कम ले रहे है। कोच बताते हैं, इसी असंतुलन से डायबिटीज, बीपी, हार्ट डिजीज, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, जोड़ों में दर्द, थायराइड और कैंसर जैसी 150 से अधिक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
कैंप में क्या-क्या मिल रहा है?
फिट भारत क्लब के बैनर पर साफ लिखा है – “30 सेकंड में स्कैनिंग मशीन से मोटापे व फिटनेस की जांच करायें, परिवार स्वास्थ्य कार्ड प्राप्त करें।” यहां पर्सनल गाइडेंस, वजन घटाने-बढ़ाने, शुगर/बीपी/थायराइड, हड्डियों और जोड़ों के स्वास्थ्य, एनर्जी और इम्यूनिटी बढ़ाने और त्वचा संबंधी समस्याओं पर सलाह दी जा रही है। क्लब का नारा है – “We Make People Healthier & Happier – खुशियों की दुनिया” और “आपका शरीर वह जगह है, जहाँ आपको पूरा जीवन बिताना है, इसका खास ख्याल रखें।” मेले में आने वाले लोगों के लिए यह कैंप एक आईना बन गया है, जो बता रहा है कि त्योहारों की तैयारी के साथ-साथ सेहत की तैयारी भी कितनी जरूरी है।


