
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आज राष्ट्रीय एकता दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य “रन फॉर यूनिटी” दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय कुलपति जी के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य “अनेकता में एकता ही हमारी शान है, इसलिए मेरा भारत महान है” के राष्ट्रव्यापी संदेश और भावना को जन-जन तक पहुंचाना और बढ़ावा देना था।
इस गरिमामयी अवसर पर शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षा संकाय के संकाय अध्यक्ष (डीन) प्रोफेसर राकेश शर्मा, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर इन-चार्ज प्रोफेसर दिनेश कुमार, और कार्यक्रम के समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) डॉ. प्रवीण कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की अखंडता और विविधता में छिपी एकता की शक्ति को याद दिलाता है। खेल और इस प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताएं युवाओं में टीम भावना और देश प्रेम की भावना को मजबूत करती हैं।
आयोजन को सफल बनाने में विभाग के शिक्षक और समन्वयक डॉ. दाऊ दयाल यादव, मौसम चौहान, आदित्य कुमार, अंकुश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौड़ प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न अन्य विभागों के छात्र-छात्राओं ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ दौड़ में भाग लिया।


