HomeUncategorizedसरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मनाया...

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मनाया गया एकता दिवस

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूल के साप्ताहिक कार्यक्रम ‘वीकेंड अभिव्यक्ति’ के अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में प्रोफेसर इंचार्ज प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। सरदार पटेल ने यह सिद्ध किया कि मजबूत संकल्प, दूरदर्शिता और सामूहिक प्रयासों से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। आज के युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर समाज और देश की एकता के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारी साझा जिम्मेदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता है।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ, प्रशासनिक दक्षता और अदम्य साहस से आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में उन्होंने जिस कुशलता से देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराया, वह उनके असाधारण नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरदार पटेल के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन से अनुशासन, संगठन शक्ति, दृढ़ निर्णय क्षमता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की प्रेरणा लेनी चाहिए। पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों की विशेष जिम्मेदारी है कि वे समाज में सकारात्मक संवाद, सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और सरदार पटेल के जीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण तथ्यों एवं ऐतिहासिक घटनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के एकीकरण में उनके योगदान, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके विचारों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने की शपथ ली।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments