Home Blog Page 13

वेंकटेश्वर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नए छात्रों के स्वागत के लिए ‘परिचय 2026’ (फ्रेशर्स पार्टी) का आयोजन किया

विश्वास राणा

नित्य संदेश, मेरठ। दिल्ली रुड़की बाईपास स्थित वेंकटेश्वरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन में शनिवार को नए छात्रों के स्वागत के लिए परिचय 2026 फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पंकज कुमार, डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ. राहुल शर्मा, डायरेक्टर (शिक्षा) डॉ. बी. सी. दुबे और प्रिंसिपल डॉ. नितिन राज वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में फार्मेसी डायरेक्टर डॉ. रतेंन्द्र कुमार, ब्रजपाल सिंह और मोना चौधरी ने जज की भूमिका निभाई।

छात्रों ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें सोलो और ग्रुप परफॉरमेंस शामिल थीं, जिन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में रैंप वॉक और अन्य गतिविधियां भी हुईं, जिनके जरिए विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया। रैंप वॉक में सभी फ्रेशर्स ने अच्छी सुंदर पोशाकों के साथ बहुत सुंदर सुंदर प्रस्तुति दी। ग्रुप डायरेक्टर डॉ. पंकज कुमार ने वास्तविक जीवन में रचनात्मक सोच और टीम वर्क के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को ऐसे कार्यक्रमों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

डायरेक्टर (एकेडमिक्स) डॉ. राहुल शर्मा ने छात्रों से कहा कि वे जो भी करें, उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ दें, क्योंकि सफलता कड़ी मेहनत और लगन से ही मिलती है। प्रिंसिपल डॉ. नितिन राज वर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की और सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। BCA के वैभव को ‘मिस्टर VGI’ और शीतल को ‘मिस VGI’ का खिताब दिया गया। मैनेजमेंट के नमन सोम और फार्मेसी के शिवम को ‘मिस्टर फ्रेशर’ चुना गया, जबकि मैनेजमेंट की भूमिका और फार्मेसी की खुशी ने ‘मिस फ्रेशर’ का खिताब जीता।BBA की इल्मा को ‘बेस्ट परफॉर्मर’, एजुकेशन विभाग की आस्था को ‘मिस गॉर्जियस’ और BBA की वंशिका सागर को ‘फैशन आइकन’ चुना गया। फार्मेसी के रचित ने सबसे रचनात्मक खिताब जीता।

कार्यक्रम के अंत में, डायरेक्टर (शिक्षा) डॉ. बी. सी. दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन (वोट ऑफ थैंक्स) दिया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्रों और जजों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम में सभी विभागों के प्रिंसिपल, एचओडी और सभी फैकल्टी मेंबर, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि उपस्थित रहें।

दशहरा मेला निपटते ही सफाई में जुटी कमेटी, तीन दिन की मेहनत से चमकाया दशहरा मैदान

शिव कुमार शर्मा

नित्य संदेश, गंगानगर। कसेरूखेड़ा में दशहरा मेले के समापन के बाद श्री रामलीला दशहरा कमेटी ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सफाई अभियान चलाया। मेला स्थल पर फैली गंदगी को साफ कराने के लिए कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य लगातार जुटे रहे। करीब तीन दिन तक चले सफाई अभियान के बाद सेना का मैदान फिर से साफ-सुथरा नजर आने लगा। कमेटी की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।

मवाना रोड स्थित कसेरूखेड़ा के सेना मैदान में मंगलवार को दशहरा पर्व पर भव्य मेले का आयोजन किया गया था। रावण दहन के साथ मेले का समापन हुआ। मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण मैदान में जगह-जगह कूड़ा और गंदगी जमा हो गई थी। ऐसे में श्री रामलीला दशहरा कमेटी ने सफाई की जिम्मेदारी संभाली और मैदान को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान शुरू कराया। कमेटी अध्यक्ष विनोद सोनकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने सफाई नायक अरुण कुमार के साथ मिलकर मैदान की सफाई कराई। अभियान के दौरान इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि मैदान से कूड़ा-कचरा पूरी तरह हटाया जाए। लगातार प्रयासों के बाद मेला स्थल को साफ-सुथरा कर दिया गया।

आयोजन के बाद सफाई कराकर पेश की मिसाल
आमतौर पर बड़े सार्वजनिक आयोजनों के बाद मैदानों में गंदगी का ढेर लग जाता है, लेकिन कसेरूखेड़ा में कमेटी ने सफाई की जिम्मेदारी से पीछे हटने के बजाय खुद आगे आकर व्यवस्था संभाली। कमेटी की इस पहल ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजकों को भी आयोजन के बाद साफ-सफाई को अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए। इससे न केवल आसपास का वातावरण स्वच्छ रहता है, बल्कि आम लोगों में भी जागरूकता बढ़ती है। कमेटी के सदस्यों ने मैदान को साफ कराने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए। अभियान के पूरा होने के बाद मैदान की स्थिति में स्पष्ट बदलाव दिखाई दिया। क्षेत्रवासियों ने कमेटी के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के साथ स्वच्छता पर ध्यान देना भी जरूरी है।

ये रहे मौजूद
सफाई अभियान में श्री रामलीला दशहरा कमेटी के अध्यक्ष विनोद सोनकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नंदकिशोर मीणा, कन्हैयालाल, जियालाल, मनोज यादव सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कमेटी की इस पहल को क्षेत्र में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

लक्ष्य हासिल करने का जज्बा ही सफलता की कुंजी – जीजीआईसी में पुरातन छात्रा सम्मेलन

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। शनिवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में पुरातन छात्रा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नोडल डॉ. गीता रानी व सहायक नोडल अधिकारी अंकित वरुण के निर्देशन में संपन्न हुआ।

प्रधानाचार्य पूनम चौधरी ने कहा कि हिंदी माध्यम से पढ़ने वाली बेटियां आज सम्मानित पदों पर हैं, इसलिए छात्राएं हीन भावना न लाएं कि हम हिंदी बोलते हैं। अतिथि के रूप में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हस्तिनापुर की प्रवक्ता श्रीमती सीमा माहेश्वरी, प्राथमिक विद्यालय खजूरी से नीतू सिंह और लघु उद्यमी कुमारी सरिया उपस्थित रहीं। सभी पुरातन छात्राओं ने अपने अनुभव साझा कर छात्राओं का मार्गदर्शन किया कि इसी विद्यालय से पढ़कर उन्होंने यह मुकाम पाया है।

सभी पुरातन छात्राओं को माला पहनाकर व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी पुरानी कक्षाओं में जाकर यादें ताजा कीं और सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं को याद किया। डॉ. गीता ने कहा कि इनके मार्गदर्शन से बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर छात्राओं रिया, हिमांशी, गुंजन, नव्या, साक्षी, प्रियांशी और अनन्या ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में डॉ. भावना शर्मा, नूतन, रूपाली मिश्रा, रेनू चौधरी, विनीता, ऋचा चौधरी, मोनिका, डॉ. सोनिया, सीमा सैनी, प्रवीण सहित सभी शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

बूथों पर पहुँच कर सपा नेता किशोर वाल्मीकि ने किया नई वोट बनवाने के लिए ताकत झोंकी

रवि गौतम

नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। प्रदेश स्तर पर विशेष अभियान के तहत नई वोट बनाने और खामियों को दूर करने का कार्य किया जा रहा है । इस अभियान के दौरान शनिवार को विशेष अभियान चलाया जा रहा है इस अभियान के तहत सपा नेता किशोर वाल्मीकि ने साथियों के साथ विभिन्न बूथों 346, 347, 348, व खटकी चितमाना अगवानपुर निमका नारंगपुर आदि पर पहुंचकर बीएलओ से संवाद कर मतदाताओं की समस्याओं का निस्तारण करने को कहा और नई वोट बनाने का आह्वान किया ।

किशोर वाल्मीकि ने कहा बूथों पर नई वोट बनाने का फ़ार्म 6 भरने के बाद ऑनलाइन फीडिंग का कार्य मे बाधा आ रही है वोट का अधिकार भारत रत्न डॉ बी आर अंबेडकर ने गरीब मजदूर को दिलाया है बट की कीमत गरीब मजदू उद्योगपति राजनेता के बराबर है इसलिए अपनी वोट का सही इस्तेमाल करें और बनवाने के लिए तेजी लाएं लेकिन सरकार के कर्मचारियों का रवैया बहाना सर्वर बहुत कमजोर है एक वोट की फ़ीडिंग करने मे ही घंटों लग रहे हैं जिस कारण नई वोट बनने में दिक़्क़त हो रही है ।

किशोर वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा वोट बनाने का अभियान तो चलाया जा रहा है । मगर उसका प्रचार प्रसार उस स्तर पर नहीं कराया जा रहा है जिससे मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाई जा सके । चुनाव आयोग को तत्काल सर्वर ठीक करना चाहिए इस मौके पर सपा नेता अवनीश चौधरी नौशाद सैफी राजपाल सिंह जल्लुद्दीन संदीप जाटव आदि मौजूद रहे ।

एमआईईटी में ऑर्बिट्रॉन हैकाथॉन का समापन, 88 टीमों ने लिया हिस्सा

अजय चौधरी

नित्य संदेश, मेरठ।मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में शनिवार को ‘ऑर्बिट्रॉन: स्पेस टेक्नोलॉजी हैकाथॉन’ का भव्य समापन हुआ। आईएसटीई स्टूडेंट चैप्टर, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और सेंटर फॉर स्पेस टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़े नवाचारों और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का पहला चरण 16 अक्टूबर को आयोजित हुआ था, जबकि ग्रैंड फिनाले 24 अक्टूबर को संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन कैंपस डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार सिंह, प्रो. (डॉ.) प्रदीप पंत, प्रो. (डॉ.) गौरव गोयल, डॉ. मुकेश रावत और डॉ. स्वाति शर्मा ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीन विचारों पर काम करने और वास्तविक तकनीकी समस्याओं के समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करना था।

88 टीमों ने कराया पंजीकरण, 30 का चयन

हैकाथॉन में कुल 88 टीमों ने पंजीकरण कराया। प्रथम चरण में मूल्यांकन के बाद 30 टीमों को अगले चरणों और ग्रैंड फिनाले के लिए चयनित किया गया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र दिए गए, जबकि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पदक और उत्कृष्टता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

उद्योग विशेषज्ञों ने परखी प्रतिभा

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में ओएनडीसी में जनरेटिव एआई एवं इनोवेशन के वाइस प्रेसिडेंट विदित भाटिया, टॉमर्स के संस्थापक एवं सीईओ विकास तोमर और आईबीएम इंडिया में स्ट्रेटजी एंड इनिशिएटिव्स के प्रोग्राम लीड डॉ. मणि मधुकर शामिल रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया और उन्हें तकनीकी सुधार, नवाचार तथा उद्योग जगत की अपेक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इससे प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक जरूरतों को समझने का अवसर मिला।

टीमवर्क और समस्या समाधान पर जोर

हैकाथॉन का समन्वय आईटी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाति शर्मा, स्पेस टेक्नोलॉजी के एसपीओसी डॉ. अनुराग एरॉन और डॉ. मुकेश रावत ने किया। आईएसटीई के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर राहुल शिवहरे, आरती वर्मा और प्रेक्षा प्रताप ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में टीमवर्क, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा मिला।

तकनीकी चुनौतियों से सीखने का अवसर : डॉ. संजय कुमार सिंह

कैंपस डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन की तकनीकी चुनौतियों पर काम करने का अवसर देते हैं। एमआईईटी व्यावहारिक नवाचार, उद्योग जगत के साथ सहभागिता और अनुभव आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ‘ऑर्बिट्रॉन’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी सहित उभरते तकनीकी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल और बरखा अग्रवाल ने प्रतिभागियों को बधाई दी।