Home Blog Page 5

किताबों से लौटेगा ‘नया जीवन’, मेरठ के 5 युवाओं ने छेड़ी वैचारिक क्रांति

  • सॉफ्टवेयर इंजीनियर से लेकर फैशन की छात्रा तक, छुट्टी के दिन नो-प्रॉफिट पर बांट रहे हैं विवेकानंद से लेकर भगत सिंह तक के विचार

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। दीपावली के शोर और बाजार की चकाचौंध के बीच राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-महोत्सव में एक छोटा सा बुक स्टॉल बड़ी लकीर खींच रहा है। नाम है – ‘नया जीवन बुक स्टॉल’। न यहां लाउडस्पीकर है, न भीड़ बुलाने के लिए कोई ऑफर, फिर भी यहां युवाओं का तांता लगा है। कारण है इस स्टॉल को चलाने वाले मेरठ के 5 युवा, जिन्होंने नौकरी और पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं को खुद से मिलाने की जिम्मेदारी उठा ली है।

इस पहल के सूत्रधार हैं माधवपुरम निवासी प्रशांत तायल। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर, लेखन के शौकीन और ‘जानिए फिर मानिये’ पुस्तक के लेखक प्रशांत खुद कवि भी हैं। उनका कहना है, “आज का युवा अपने आप को नहीं समझ पा रहा है। वह परेशान है, गलत उम्मीदों में उलझा है। सोशल मीडिया, करियर, रिश्तों के बीच वह भटक गया है। मेरा उद्देश्य है कि वह गहराई से समझे, खुद की ओर वापस लौटे और अपना व्यर्थ समय बचा ले।” इसी सोच के साथ उन्होंने अपने जैसे 4 और साथियों को जोड़ा। धीरे-धीरे ये 5 लोगों की एक टोली बन गई, जो हर छुट्टी वाले दिन शहर में कहीं न कहीं किताबों का स्टॉल लगाती है।

कौन हैं ये 5 युवा?

प्रशांत तायल निवासी माधवपुरम, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, लेखक और कवि। पूरी पहल के संयोजक। रोहित – एक अकाउंट कंपनी में कार्यरत। हिसाब-किताब की नौकरी के बीच जीवन का हिसाब समझा रहे हैं। कनिका गुप्ता – प्राइवेट कंपनी में जॉब करती हैं। खास तौर पर युवतियों को आत्मनिर्भर और वैचारिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जुड़ीं। अनामिका – विद्या कॉलेज से फैशन डिजाइनिंग की छात्रा। फैशन की दुनिया से निकलकर विचारों की दुनिया की ओर युवाओं को मोड़ रही हैं। अनुज – मेरठ कॉलेज का छात्र। कैंपस में अपने साथियों के बीच इस मुहिम का सबसे सक्रिय चेहरा।

क्या है स्टॉल पर खास?

स्टॉल पर कोई उपन्यास या फिल्मी कहानियां नहीं, बल्कि वे किताबें हैं जो सोचने पर मजबूर करती हैं। यहां आचार्य प्रशांत, स्वामी विवेकानंद, ओशो, जे. कृष्णमूर्ति, शहीद भगत सिंह, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरुषों की वैचारिक पुस्तकें रखी गई हैं। प्रशांत बताते हैं, “हम कोई दुकानदार नहीं हैं। हम किताबें बेचने नहीं, बांटने निकले हैं। इसलिए हम इन्हें नो-प्रॉफिट पर देते हैं। कई बार जो छात्र सच में पढ़ना चाहते हैं लेकिन पैसे नहीं हैं, उन्हें हम निशुल्क भी दे देते हैं।”

खादी मेले में क्यों?

उत्तर प्रदेश ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित यह खादी मेला वैसे तो खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार आयोजकों ने युवाओं के लिए वैचारिक स्टॉल को भी जगह दी है। मेले में आने वाले बुजुर्ग जहां खादी खरीद रहे हैं, वहीं उनके बच्चे और युवा इस बुक स्टॉल पर घंटों रुक रहे हैं, किताबें पलट रहे हैं, सवाल पूछ रहे हैं। यह छोटी सी पहल बता रही है कि मेरठ का युवा सिर्फ रील्स और शोर में नहीं, बल्कि गहरे सवालों में भी रुचि रखता है, बस उसे सही किताब तक पहुंचाने वाला कोई चाहिए।

महावीर इंटरनेशनल स्कूल के कराटे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते 12 पदक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। महावीर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। सूरजकुंड स्थित बडी बैडमिंटन हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए कुल 12 पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने 1 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। विद्यालय के निदेशक आशिम दुबे ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और अनुशासन बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री गरिमा सिंह ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में धैर्य, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया।

विद्यालय प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा, ताकि वे भविष्य में भी इसी प्रकार नई उपलब्धियाँ हासिल कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाएँ।

सैफी संघर्ष समिति ने लगाया रक्तदान शिविर, सैकड़ों लोगों ने किया रक्तदान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सैफी संघर्ष समिति (पंजीकृत) की ओर से रविवार को वाइटल चैरिटेबल ब्लड सेंटर, गंगानगर, मेरठ के सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने “रक्तदान महादान, जीवन बचाने का सबसे बड़ा दान” को समझते हुए स्वेच्छा से रक्तदान कर कैंप को सफल बनाया। शिविर का उद्घाटन सुबह 10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. हसीन अहमद सैफी द्वारा रिबन काटकर किया गया।

इन लोगों ने किया रक्तदान – डॉ. राजन शर्मा, आसिफ सैफी, साजिद सैफी, डॉ. विष्णु गौड़, सलमान सैफी, शहजाद सैफी, वसीम सैफी, नितिन त्यागी, सोनू सैफी, विपिन, यूसुफ सैफी, हाजी नदीम सैफी, आमिर खान, सुहालीन सैफी, कादिर सैफी सहित सैकड़ों लोगों ने रक्तदान किया।

मेडिकल टीम में रहे – डॉ. मुदस्सिर, हदीसा, काशिफ, डॉ. वासुदास, कृतिका, धर्मेंद्र नागर आदि। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष हसीन अहमद सैफी, डॉ. इमरान, डॉ. नवाब सैफी, यूसुफ सैफी, सुहालीन सैफी, रियाजउद्दीन सैफी सहित समिति के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्रह्मपुरी पुलिस ने 6 घंटे में खोली चोरी की वारदात, 2 दबोचे

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने चोरी की घटना का 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

वादी शाहरूख सैफी ने तहरीर दी थी कि समद पुत्र उमरदराज और अब्दुल्ला पुत्र जियाउलहक ने उसके घर से बाली, 9 पीतल की टोंटियां और लोहे का सरिया चोरी कर लिया था। इस पर थाना ब्रह्मपुरी पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

एसएसपी के आदेश पर थानाध्यक्ष राजेश कांबोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिटी गार्डन फैक्ट्री एरिया से दोनों को पकड़ लिया। दोनों श्यामनगर, लिसाड़ी गेट के रहने वाले हैं और उम्र 19-19 साल है। उनके कब्जे से 13 टोंटियां, एक लोहे का सरिया और 1,700 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

एमआईईटी में ‘प्रारंभ 2026’ फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में बीटेक, फार्मेसी, एमबीए, एमसीए और बीएससी बायोटेक्नोलॉजी के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘प्रारंभ 2026’ फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन, नृत्य, विभिन्न खेलों और तकनीकी गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह तथा डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. हनी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने जूनियर्स का स्वागत करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया। ढोल की थाप पर विद्यार्थियों ने जमकर नृत्य किया। वहीं, रैंप वॉक के दौरान छात्र-छात्राओं ने आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कैंपस निदेशक प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार भी बेहद जरूरी हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में तकनीकी ज्ञान और आधुनिक शिक्षा के साथ अपने संस्कारों को बनाए रखना तथा गुरुजनों का सम्मान करना भी आवश्यक है।

पांच पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिले मिस्टर-मिस फ्रेशर के खिताब

फ्रेशर्स पार्टी में मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर के चयन के लिए तीन राउंड आयोजित किए गए। इनमें रैंप वॉक, प्रश्नोत्तरी और टैलेंट राउंड शामिल रहे। इन राउंड में प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के विजेताओं का चयन किया।

बीटेक में सक्षम को मिस्टर फ्रेशर और अवनी को मिस फ्रेशर चुना गया। एमबीए में किरत ने मिस्टर फ्रेशर तथा जानवी ने मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया। एमसीए में शिवांश मिस्टर फ्रेशर और आरती मिस फ्रेशर बनीं। फार्मेसी में समीर को मिस्टर फ्रेशर तथा प्राची को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी में आदित्य ने मिस्टर फ्रेशर और सांची ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया।

सभी विजेताओं को शील्ड, बुके और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। समारोह के दौरान डॉ. मधुबाला शर्मा, डॉ. विनीत, डॉ. विपिन गर्ग, डॉ. अविनाश, डॉ. प्रदीप पंत, अजय चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।