Home Blog Page 6

 40 दिवसीय ‘गुरबानी प्रवाह’ का समापन, कल धूमधाम से मनेगा सतगुरु बाबा संगता साहिब जी का प्रकाश पर्व

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थापर नगर स्थित सचखंड दरबार, डेरा सतगुरु संगता साहिब में पिछले 40 दिनों से चल रहे पावन ‘गुरबानी प्रवाह, नाम-सिमरन-सेवा’ का आज श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हुआ। इस अलौकिक आध्यात्मिक समागम में प्रतिदिन सैकड़ों संगत ने सुबह-शाम नाम सिमरन और गुरबानी का आनंद लिया। 40 दिवसीय प्रवाह के समापन के बाद कल सतगुरु बाबा संगता साहिब जी का पावन प्रकाश पर्व समस्त संगत द्वारा श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाएगा।

विशेष रागी जत्थों द्वारा कीर्तन:
आज सुबह भाई बलजीत सिंह लुधियाने वालों ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। आज रात और कल सुबह भाई इंदरपाल सिंह चंडीगढ़ वाले तथा कल दोपहर 12:30 बजे से पंथ प्रसिद्ध रहे भाई दविंदर सिंह सोढ़ी जी कीर्तन एवं गुरबानी विचार से संगत को निहाल करेंगे।

देशभर से पहुंची संगत: प्रकाश पर्व पर देश के विभिन्न शहरों से भारी संख्या में संगत का आगमन हुआ है। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल है।

कार्यक्रम की रूपरेखा:

  • आज रात 08:30 से 10:30 बजे तक कीर्तन समागम
  • कल मुख्य समागम सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक
  • स्थान: सचखंड दरबार, डेरा सतगुरु संगता साहिब जी, गली नं. 7, थापर नगर (प्लाजा सिनेमा के पीछे)

पीईटी परीक्षा: जिलाधिकारी ने परखी व्यवस्थाएं, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने आज जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने राम सहाय इंटर कॉलेज, इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज, आरजी डिग्री कॉलेज सहित कई केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सघन चेकिंग, बायोमेट्रिक, सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कंट्रोल रूम व परीक्षा कक्षों का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा कक्षों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहने चाहिए और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी लगातार निगरानी रखें। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट को अपने-अपने केंद्रों पर भ्रमणशील रहकर निगरानी करने और कक्ष निरीक्षकों को पूरी गंभीरता व मनोयोग से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज दीक्षित सहित अन्य अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।

लोहियानगर में फैक्ट्री गार्डों को बंधक बनाकर लूट करने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में फैक्ट्रियों में गार्डों को बंधक बनाकर डकैती करने वाले गिरोह के 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी के आदेश पर वांछित बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आज मुखबिर की सूचना पर मेडिकल-कमालपुर रोड पर जलालपुर जाने वाले रास्ते के पास खंडहर भवन के निकट घेराबंदी कर अभियुक्त मुर्सलीन पुत्र महफूज निवासी इस्लामनगर कैला भट्टा, कोतवाली नगर, गाजियाबाद को पकड़ा गया। इस दौरान मोटरसाइकिल फिसलने से उसके पैर में चोट आई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

क्या था मामला – थाना लोहियानगर क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर स्थित बंद अलफईम मीट फैक्ट्री में 4/5 सितंबर की रात अज्ञात बदमाशों ने 3 सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर 30 फ्रीजर प्लेटें लूट ली थीं (मु0अ0सं0 598/2026)। इससे पहले 15/16 अगस्त की रात भी इसी तरह 2 गार्डों को बंधक बनाकर 32 प्लेटें लूटी गई थीं (मु0अ0सं0 580/2026)। पुलिस इस मामले में अब तक दानिश उर्फ चाचा, शहजाद उर्फ भूरा, रियाजुद्दीन, सलीम पहलवान समेत 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुर्सलीन लगातार फरार चल रहा था, जिस पर 50 हजार का इनाम घोषित था।

बरामदगी – पकड़े गए बदमाश के कब्जे से 1 अवैध तमंचा .315 बोर, 1 खोखा, 2 जिंदा कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल (DL10AD XXXX) बरामद हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ व अवैध शस्त्र के संबंध में थाना लोहियानगर पर नया मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब ने मनाया करवा चौथ सेलिब्रेशन, महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब द्वारा शनिवार को फूल बाग कॉलोनी स्थित एडवांस फिजियोथैरेपी क्लीनिक पर करवा चौथ सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। क्लब निदेशक आयुष गोयल एवं पीयूष गोयल ने बताया कि करवा चौथ भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। परंपराओं के साथ-साथ स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका गर्ग (वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने दी सलाह –
उन्होंने कहा कि व्रत के दौरान अधिक शारीरिक परिश्रम से बचें। पानी की कमी, चक्कर या कमजोरी को नजरअंदाज न करें। जो महिलाएं नियमित दवा लेती हैं, वे खुराक में बदलाव से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। हल्का प्राणायाम और ध्यान लाभकारी रहेगा।

खानपान विशेषज्ञ डॉ. भावना गांधी ने बताया –
सरगी में अनार, केला, सेब जैसे ताजे फल और बादाम, मखाना, किशमिश, खजूर जैसे ड्राई फ्रूट्स शामिल करें। चाय-कॉफी का सेवन कम रखें। दही, छाछ, पनीर जैसे हल्के खाद्य पदार्थ लें। व्रत खोलते समय एकदम से तला-भुना और भारी भोजन न करें, पहले पानी या नारियल पानी धीरे-धीरे पिएं।

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर – इस अवसर पर ड्यूटी अस्पताल द्वारा 100 महिलाओं के लिए निशुल्क शुगर, बीपी जांच एवं चिकित्सीय परामर्श शिविर का भी आयोजन किया गया।

वरिष्ठ फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. स्तुति गिरी गोस्वामी ने सभी महिलाओं को करवा चौथ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार पारिवारिक प्रेम और सद्भाव का प्रतीक हैं, साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी जरूरी है। कार्यक्रम में मुस्कान, महक, प्रियंका, पुष्पा, पूनम सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

पीईटी द्वितीय पाली परीक्षा: एसपी सिटी ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आज जनपद में आयोजित पीईटी-2026 की द्वितीय पाली की परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक नगर, मेरठ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एसपी सिटी ने मेरठ कॉलेज, जीआईसी, आरजी पीजी कॉलेज, खालसा इंटर कॉलेज, सेंट थॉमस और एनएएस कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहने, सघन निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।