HomeUncategorized‘भयमुक्त और सुरक्षित माहौल’ देना पुलिस की पहली प्राथमिकता

‘भयमुक्त और सुरक्षित माहौल’ देना पुलिस की पहली प्राथमिकता

खालिद इकबाल

नित्य संदेश, मेरठ। जानी थानाक्षेत्र की कमान अब एक युवा पुलिस अफसर के हाथों में है। एसएसपी पीआरओ के रूप में अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता और जनसंवाद की बेहतरीन मिसाल पेश करने के बाद सब इंस्पेक्टर अजयदीप सिंह ने जानी थाना प्रभारी का पदभार संभाल लिया है। क्षेत्र के लोगों के लिए अजयदीप सिंह कोई नया नाम नहीं है। इससे पूर्व अजयदीप सिंह जानी क्षेत्र की भोला चौकी के प्रभारी के रूप में भी अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ दे चुके हैं।

दैनिक भास्कर संवाददाता खालिद इकबाल से बातचीत करते हुए जानी थानाक्षेत्र के नए प्रभारी अजयदीप सिंह ने पूर्व में भोला चौकी प्रभारी और एसएसपी के पीआरओ रहने का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि जानी थानाक्षेत्र से मेरा पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है। भोला चौकी प्रभारी रहते हुए यहाँ के भूगोल, जन-समस्याओं और स्थानीय चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला था। वहीं एसएसपी कार्यालय में पीआरओ के रूप में कार्य करते हुए पुलिसिंग के उच्च प्रशासनिक मानकों, जन-सुनवाई की बारीकियों और त्वरित निस्तारण के महत्व को गहराई से सीखा है। यह दोहरा अनुभव जानी थाने में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने में बेहद मददगार साबित होगा। जानी थानाक्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर हुए सवाल का जवाब देते हुए थानाध्यक्ष अजयदीप सिंह ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए ‘भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण’ प्रदान करना है। हमारी मुख्य प्राथमिकताएँ अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति रहेगी। असामाजिक तत्वों और मनचलों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला एवं बाल सुरक्षा पर अपना पक्ष रखते हुए थाना प्रभारी अजयदीप सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। ‘मिशन शक्ति’ के तहत गश्त बढ़ाई जाएगी और शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण होगा। इसके अलावा क्षेत्र के मुख्य मार्गों और भोला झाल जैसे संवेदनशील स्थानों पर गश्त व चेकिंग अभियान चलाकर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाएगी।

अपराधी के मन में कानून का खौफ हो

पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने के साथ साथ विश्वास बढ़ाने की योजना पर बातचीत करते हुए थानाध्यक्ष अजयदीप सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, बिना जन-सहयोग के प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं है। थाने पर आने वाले हर पीड़ित को सम्मान मिलेगा और उसकी समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। ‘मित्र पुलिसिंग’ की अवधारणा को धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि निर्दोष व्यक्ति पुलिस के पास आने में बिल्कुल न हिचकिचाए और अपराधी के मन में कानून का खौफ हो।

ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक कार्यों में लगाएं

जानी क्षेत्र की सम्मानित जनता और युवाओं को संदेश देते हुए थानाध्यक्ष अजयदीप सिंह ने कहा कि क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों से अपील है कि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत थाने पर दें। युवाओं से अपील करते हुए थानाध्यक्ष अजयदीप सिंह ने कहा कि अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक कार्यों में लगाएं। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

सुरक्षा और सुशासन की एक नई उम्मीद जगी

गौर किया जाए तो युवा ऊर्जा, प्रशासनिक अनुभव और क्षेत्र की जमीनी समझ का संगम ही अजयदीप सिंह के व्यक्तित्व को खास बनाता है। एसएसपी ऑफिस के प्रशासनिक अनुभव और भोला चौकी के सफल कार्यकाल के बाद, जानी थाने की कमान संभालने से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा और सुशासन की एक नई उम्मीद जगी है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments