
डा. अभिषेक डबास
नित्य संदेश, मोदीपुरम। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी, कुलसचिव डॉ. पंकज राणा, विभिन्न विभागों के निदेशकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ लेकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह आयोजन भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया। सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए प्रतिभागियों ने एक सशक्त, एकजुट और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लिया। रन फॉर यूनिटी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को राष्ट्रीय एकता, आपसी सहयोग, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी ने राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में निहित एकता में है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति और सामाजिक सद्भाव में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कुलसचिव डॉ. पंकज राणा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का निरंतर दायित्व है। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के निदेशकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को सार्थक बनाया। इस पहल के माध्यम से शोभित विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय मूल्यों, एकता और सामूहिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः अभिव्यक्त किया।


