
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बच्चा पार्क स्थित आईएमए सभागार में शनिवार को ‘मंथन-2026’ स्तन कैंसर समुदाय सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें पश्चिमी यूपी के 50 से अधिक मरीजों और परिजनों ने भाग लिया।
प्रशास्ति एवं ब्रेंडोस-डब्ल्यूपी के तत्वावधान में न्यूटिमा अस्पताल और बीईएनएस क्लिनिक के स्तन एवं अंतःस्रावी सर्जरी विभाग द्वारा आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य मरीजों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा करना था। सम्मेलन में एसजीपीजीआई लखनऊ के डॉ. ज्ञान चंद, डॉ. गौरव अग्रवाल, एम्स के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, केजीएमयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ. संदीप कुमार सहित देशभर के विशेषज्ञों ने प्रत्यक्ष और ऑनलाइन जुड़कर मरीजों की समस्याएं सुनीं।
मरीजों ने बीमारी की पहचान में देरी, आर्थिक बोझ, सामाजिक भ्रांतियों और मानसिक तनाव की समस्याएं साझा कीं। इस दौरान कीमोथेरेपी परिचारिकाओं को ‘स्तन कैंसर सेवियर्स’ सम्मान से सम्मानित किया गया। आयोजक डॉ. सुधि ए. कम्बोज ने कहा कि कैंसर का इलाज केवल ऑपरेशन और कीमो तक सीमित नहीं है, मरीजों को भावनात्मक और सामाजिक सहयोग भी जरूरी है। कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. आलोक अग्रवाल, डॉ. शरद कुमार, डॉ. धीरज बालियान सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।


