
मोहम्मद सुहैल
नित्य संदेश, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज आर.के. सोशल वेलफेयर ट्रस्ट एवं ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में खादरवाला स्थित जिया उल उलूम पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं रालोद के प्रदेश महासचिव उमादत्त शर्मा, किसान चिंतक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट कमल मित्तल, आर.के. ट्रस्ट के सदर हाजी सरफराज तथा तस्मिया जूनियर हाईस्कूल के प्रिंसिपल जावेद मजहर शामिल हुए। इस दौरान बच्चों ने भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से भी बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। निर्णायकों द्वारा चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता दोनों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार रखते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर जिया उल उलूम पब्लिक स्कूल के मैनेजर नाजिश गजाली एवं प्रिंसिपल नदीम खान सहित स्कूल स्टाफ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।


