
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविंद कुमार मिश्रा-II की अध्यक्षता में रविवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में वृहद विधिक साक्षरता / सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनिका वर्मा ने विधिक सेवा प्राधिकरण के इतिहास और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी देकर किया। जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा-II ने बताया कि वृहद शिविर से पूर्व ग्रामीण स्तर पर 150 लघु साक्षरता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 18,708 लाभार्थियों को चिन्हित किया गया था। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जनता को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी रखने का आह्वान किया, वहीं एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता के लिए DLSA कार्यालय से संपर्क कर सकता है। अंत में अपर जिला जज अमित वीर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त कर समापन किया। कार्यक्रम में न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारीगण सहित हजारों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

809 को मिला लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा चिन्हित लाभार्थियों को हियरिंग किट, सिलाई मशीन, इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर, खाद, सोलर पैनल और आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। कुल 809 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान समाज कल्याण, दिव्यांगजन, कृषि, वन, पंचायती राज सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर प्रदर्शनी लगाई।


