
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में बुधवार को फ्रेशर पार्टी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में बीएजेएमसी और एमएजेएमसी के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जमकर धमाल मचाया। इस अवसर पर नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, वहीं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को फेयरवेल के माध्यम से विदाई भी दी गई। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए संवाद कौशल, रचनात्मक सोच, सामाजिक सरोकारों की समझ और जिम्मेदारी की भावना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानते हुए निरंतर सीखने, नए अनुभव प्राप्त करने और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि फ्रेशर पार्टी जैसे आयोजन विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय, सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम नए विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं, विदाई समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की यादों को संजोने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करने का अवसर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और मेहनत के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के आधार पर फ्रेशर एवं फेयरवेल के खिताब प्रदान किए गए। बीएजेएमसी में मिस्टर फ्रेशर का खिताब शिवम शर्मा और मिस फ्रेशर का खिताब सृष्टि मलिक ने अपने नाम किया। एमएजेएमसी में मिस्टर फ्रेशर परमजीत तथा मिस फ्रेशर अनन्या वर्मा चुनी गईं।

इसी क्रम में बीएजेएमसी के मिस्टर फेयरवेल वंश भाटी और मिस फेयरवेल प्रेरणा भारती चुनी गईं। वहीं, एमएजेएमसी में मिस्टर फेयरवेल का खिताब भारत अधाना को प्रदान किया गया। खिताब हासिल करने वाले विद्यार्थियों का साथियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए और कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर डॉ. दीपिका वर्मा, लव कुमार, निधि शर्मा, पीयूष गांधी सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजीव, निकुम और अल्ताब का विशेष सहयोग रहा। आयोजन ने विद्यार्थियों को आपसी मेलजोल बढ़ाने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और संस्थान से जुड़ी यादगार अनुभूतियां संजोने का अवसर प्रदान किया।


