
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के एनीमेशन विभाग की ओर से सत्यजीत रे सभागार में ‘सुभारती एनीमेशन फेस्ट-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘सेलिब्रेटिंग एनीमेशन: फ्रॉम इमेजिनेशन टू इनोवेशन’ थीम पर आधारित इस फेस्ट में विद्यार्थियों ने कला, रचनात्मकता, अभिनय और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला रहीं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज की गरिमामयी उपस्थिति रही। डीन एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा और डॉ. विधि खंडेलवाल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भक्तिमय गणेश वंदना प्रस्तुत की। फैशन डिजाइन विभाग के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नाटिका ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनय कुमार मित्तल ने कहा कि एनीमेशन केवल चित्रों को जीवंत बनाने की कला नहीं है, बल्कि यह कल्पनाशीलता, तकनीकी दक्षता और नवाचार के समन्वय से विचारों को प्रभावशाली अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम है। आज के डिजिटल युग में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स और रचनात्मक तकनीकों के क्षेत्र में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, प्रयोग करने और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नई पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने संदेश में कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। एनीमेशन जैसे रचनात्मक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए कल्पना शक्ति के साथ तकनीकी ज्ञान, निरंतर अभ्यास और नए विचारों के प्रति खुला दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच पर विश्वास रखते हुए उसे वास्तविक स्वरूप देने का प्रयास करना चाहिए। ऐसे उत्सव विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, टीम भावना विकसित करने और उद्योग जगत की अपेक्षाओं के अनुरूप अपने कौशल को बेहतर बनाने का मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एनीमेशन विभाग के कैटलॉग ‘एक्सुबरेंस’ (Exuberance) के चौथे संस्करण का विमोचन रहा। इस कैटलॉग को विभाग के छात्र श्री तनिष्क ने डिजाइन किया है। इसके बाद विद्यार्थियों की रचनात्मक कलाकृतियों और परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया। बच्चों को अपने सपनों का पीछा करने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देने के महत्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ने अभिभावकों और समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. मीनाक्षी भराला सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को नवाचार में बदलने, नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


