HomeUncategorizedएनसीआरटीसी ने न्यू अशोक नगर स्टेशन पर कमर्शियल रिटेल स्पेस को लीज़...

एनसीआरटीसी ने न्यू अशोक नगर स्टेशन पर कमर्शियल रिटेल स्पेस को लीज़ पर देने के लिए आमंत्रित की निविदा

  • यात्रियों को मिलेगी और अधिक सुविधा, स्टेशन पर 2,000 वर्ग मीटर से अधिक रिटेल स्पेस व्यवसायों को आकर्षित कर कमर्शियल अवसरों के लिए बनाएगा रास्ता

नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। नमो भारत स्टेशनों को यात्रियों और व्यवसायों के लिए एक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एनसीआरटीसी ने अपने निरंतर प्रयासों की दिशा में एक और कदम उठाते हुए न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस को लीज़ पर देने के लिए लाइसेंसधारी के चुनाव हेतु निविदा आमंत्रित की हैं।

प्रॉपर्टी डेवलपमेंट के लिए की जा रही पहलों के माध्यम से एनसीआरटीसी का लक्ष्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाते हुए रणनीतिक रूप से स्थित स्टेशनों की कमर्शियल संभावनाओं का लाभ उठाना और साथ ही अपने गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) में वृद्धि करना है। न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन की रणनीतिक लोकेशन के कारण इसकी कमर्शियल डेवलेपमेंट की अपार संभावनाएं हैं। यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन के साथ एकीकृत है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में यात्रा करने वाले लोगों को सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलती है।

मयूर विहार और नोएडा जैसे प्रमुख कमर्शियल और आवासीय क्षेत्रों के करीब होने के कारण, यह न सिर्फ एक बड़ा रिटेल कैचमेंट प्रदान करता है बल्कि उन व्यवसायों के लिए एक आकर्षक स्थान बनाता है जो विभिन्न प्रकार के ग्राहकों तक पहुंचना चाहते हैं। इस निविदा के अंतर्गत, एनसीआरटीसी स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर 2,000 वर्ग मीटर से अधिक की प्राइम रिटेल स्पेस लीज़ पर देने के लिए उपलब्ध करा रहा है। यह कमर्शियल स्पेस हाई फुटफॉल एरिया के बीच है, जो संभावित भागीदार को यात्रियों और आने-जाने वालों तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करता है। इसका बड़ा फ्लोर एरिया विभिन्न प्रकार के कमर्शियल सेटअप के लिए फ्लैक्सिबिलिटी देता है और इसे रिटेलर्स, फूड एंड बेवरेज ऑपरेटर्स, लाइफस्टाइल ब्रांड्स और अन्य व्यवसायों के लिए रणनीतिक ट्रांजिट हब में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। इस स्टेशन पर यात्रियों के लिए लगभग 73 कारों और 284 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही, यहाँ ईवी चार्जिंग की सुविधा भी मौजूद है।

युनिवर्सल एक्सेसेबिलिटी के सिद्धांत पर आधारित इसका डिज़ाइन दिव्यांग यात्रियों के लिए आसान पहुँच सुनिश्चित करता है। इन सुविधाओं के अलावा, मेट्रो इंटरचेंज और ई-रिक्शा व ऑटो के ज़रिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी होने से, यह स्टेशन दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा करने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट पॉइंट बन जाता है। स्टेशन परिसर के भीतर ही कमर्शियल सुविधाएं उपलब्ध होने से नमो भारत स्टेशन यात्रा के साथ-साथ, खरीददारी, खान-पान और अन्य कमर्शियल गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकेंगे। इससे यात्रियों और व्यवसायों दोनों के लिए एक फायदेमंद इकोसिस्टम तैयार होगा। इसकी रणनीतिक लोकेशन को देखते हुए, बोलीदाताओं के लिए इस निविदा में भाग लेना एक अच्छा मौका हो सकता है।

परिचालन आरंभ होने के बाद से नमो भारत कॉरिडोर परिवहन साधन के रूप में लगातार यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है और अब तक 4.8 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी का माइलस्टोन पार कर चुका है। हाल ही में, इसने 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के साथ अब तक की सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप दर्ज की। यह नमो भारत सेवाओं के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास एवं पसंद तथा इसके स्टेशनों की अत्यधिक फुटफॉल क्षमता को दर्शाता है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या उन व्यवसायों के लिए व्यावसायिक संभावनाओं को और मजबूत करती है, जो नमो भारत स्टेशनों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं।एनसीआरटीसी दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के कई स्टेशनों पर प्रॉपर्टी डेवलपमेंट कर रहा है। इनमें आनंद विहार, गाज़ियाबाद, सराय काले खां, बेगमपुल और परतापुर से मोदीपुरम के बीच के स्टेशन शामिल हैं जहाँ कमर्शियल स्पेस लीज पर देने के लिए लाइसेंस या प्रस्ताव जारी किए गए हैं।

ये प्रयास एनसीआरटीसी के उस विजन को दर्शाते हैं, जिसमें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशनों पर व्यावसायिक अवसर पैदा करके एक विविध ‘नॉन-फेयर बॉक्स रेवेन्यू’ इकोसिस्टम विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि ऐसा विकास यात्रियों की जरूरतों और आसपास के शहरी क्षेत्रों के स्वरूप के अनुरूप हो।प्रॉपर्टी डेवलपमेंट के क्षेत्र में किए जा रहे अपने प्रयासों के माध्यम से एनसीआरटीसी एक ऐसा एकीकृत ट्रांजिट-ओरिएंटेड इकोसिस्टम बनाने की दिशा में काम कर रहा है, जिसमें बेहतर आवागमन, यात्रियों के लिए उन्नत सुविधाएं और व्यावसायिक गतिविधियां एक-दूसरे की पूरक हों।

न्यू अशोक नगर स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस लीज पर उपलब्ध कराना यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और इस प्रणाली की दीर्घकालिक व्यवहार्यता के लिए सतत राजस्व एकत्रित करने की दिशा में बढ़ाया गया एक और कदम है।इच्छुक बोलीदाता ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं। टेंडर, पात्रता मानदंड, नियम व शर्तें और निर्धारित समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट (ncrtc.in) और सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल (etenders.gov.in) पर उपलब्ध है।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments