Home Blog Page 5

मेरठ में निकली राम बरात, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा नगर

नित्य संदेश ब्यूरो 

मेरठ। सनातन धर्म रक्षिणी सभा और रामलीला कमेटी के तत्वावधान में बुढ़ाना गेट स्थित सनातन धर्म मंदिर से राम बरात निकाली गई। राम अपने भाइयों संग सफेद घोड़ी पर सवार होकर निकले। जगह-जगह पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से नगर गूंज उठा।

बरात के मुख्य उद्घाटनकर्ता सचिन अग्रवाल, मुख्य तिलककर्ता पीएन सिंघल, मुख्य पूजनकर्ता दीपक महाजन, रमित गोयल, नवीन अरोड़ा और अंकुर गुप्ता रहे। संयोजक दीपक राजपूत, पदम सिंह, पुनीत आग्या, सौरभ माहेश्वरी, लोकेश लोधी, अभिषेक मन्नू, हिमांशु अग्रवाल और सचिन जिंदल रहे।

बरात सुभाष बाजार, कोतवाली, गुजरी बाजार, बजाजा सर्राफा, अनाज मंडी, वैली बाजार, चौपला घंटाघर, लाला का बाजार, शीशमहल होते हुए वापस सनातन धर्म मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। बरात में गणेश, गंगा अवतरण, राम जन्म, राम-सीता स्वयंवर, शिव-पार्वती सहित अनेक झांकियां और पांच बैंड शामिल रहे।

अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि 13 अक्टूबर को जिमखाना मैदान में राम-जानकी विवाह, विदाई और राजतिलक का मंचन होगा। कार्यक्रम में महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल, आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति सहित हजारों भक्त मौजूद रहे।

मिशन शक्ति फेज-6: मेरठ में एडीजी के नेतृत्व में पैदल मार्च

नित्य संदेश ब्यूरो 

मेरठ। मिशन शक्ति चरण-6 के तहत आज मेरठ पुलिस ने वृहद जागरूकता अभियान चलाया। एडीजी जोन भानु भास्कर के नेतृत्व में डीआईजी, एसएसपी सहित भारी पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अभियान की शुरुआत थाना सदर बाजार क्षेत्र की पुलिस चौकी आबूलेन से हुई। यहां एडीजी ने अधिकारियों को महिला सुरक्षा के प्रति तत्पर रहने के निर्देश दिए। इसके बाद बेगमपुल से पीएल शर्मा रोड होते हुए कोआपरेटिव चौराहा तक मार्च निकाला गया। दूसरे चरण में कोआपरेटिव चौराहा से कमिश्नरी चौराहा तक थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पैदल मार्च हुआ। अंतिम चरण में कमिश्नरी चौराहा से अंबेडकर चौराहा होते हुए पुलिस लाइन तक फुट पेट्रोलिंग की गई।

मार्च के दौरान व्यापारियों, राहगीरों और महिलाओं से संवाद कर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। एडीजी ने थाना प्रभारियों को महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और निरंतर गश्त के निर्देश दिए।

माँ शक्ति की आराधना में निकलेगी भव्य विशाल चुनरी यात्रा, 501 फीट की अखंड चुनरी माँ अन्नपूर्णा को होगी अर्पित

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। माँ शक्ति के प्रति आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम शक्ति आराधना विशाल चुनरी यात्रा के रूप में 15 अक्टूबर 2026, गुरुवार को इंदौर में देखने को मिलेगा। इस भव्य धार्मिक यात्रा में 501 फीट लंबी अखंड चुनरी माँ अन्नपूर्णा के श्रीचरणों में अर्पित की जाएगी। यात्रा दोपहर 3 बजे नामदेव पंजवानी स्कूल, शारदा मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व माँ की भव्य आरती की जाएगी, जिसके पश्चात भक्तिमय वातावरण में चुनरी यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा का समापन माँ अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी अर्पित कर माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ होगा।

आयोजन की जानकारी देते हुए पंकज फतेहचंदानी ने बताया कि इस भव्य यात्रा का उद्देश्य जन-जन को माँ शक्ति की आराधना से जोड़ना तथा समाज में धर्म, संस्कृति, श्रद्धा और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश प्रसारित करना है। यात्रा में इंदौर के संत-समाज, साधु-संत, महामंडलेश्वर, ब्राह्मण समाज, किन्नर समाज सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। साथ ही लगभग 1,500 से 2,000 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। युवा वर्ग एवं सर्वसमाज के लोग भी बड़ी संख्या में इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आकर्षक धार्मिक झाँकियाँ, ताशे, ध्वज एवं भजन प्रस्तुतियों की विशेष व्यवस्था की गई है। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले भक्तिमय भजन पूरे वातावरण को माँ की भक्ति और आराधना से सराबोर करेंगे।

सात दिनों के परिश्रम से तैयार हुई 501 फीट की अखंड चुनरी

इस यात्रा का विशेष आकर्षण 501 फीट लंबी अखंड चुनरी होगी। इस चुनरी की विशेषता यह है कि इसे एक ही कपड़े से तैयार किया गया है, इसमें कहीं भी कोई कट या जोड़ नहीं है। लगभग 20 महिलाओं ने सात दिनों तक परिश्रम कर श्रद्धा और समर्पण के साथ इस विशाल चुनरी को तैयार किया है। यह अखंड चुनरी नारी शक्ति, एकता, सामूहिक सहभागिता और माँ के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बनेगी।

पंकज फतेहचंदानी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं सर्वसमाज से इस भव्य धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होकर माँ शक्ति की आराधना करने और माँ अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

कीर्ति शेरावत बनीं ‘मिस फेस ऑफ सिटी मेरठ 2026’

नित्य संदेश ब्यूरो 

मेरठ। एम.एल. फिल्म प्रोडक्शन द्वारा ‘मिस्टर एंड मिस फेस ऑफ सिटी मेरठ 2026’ एवं ‘इंडिया रनवे कॉट्योर सीजन-3’ का आयोजन ग्रैंड व्यू रिजॉर्ट में किया गया। कार्यक्रम में निशा मौर्य (मिस यूनिवर्स) और अमित गर्ग ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में कीर्ति शेरावत ने ‘मिस फेस ऑफ सिटी मेरठ 2026’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि गौरी सिंह (गाजियाबाद) रनर-अप रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहम्मद शाहिद (वरिष्ठ समाजसेवी), सरताज गाजी (समाजसेवी), तनवीर चौधरी (डायरेक्टर, तनवीर फार्म) और जीतू सिंह नागपाल (अध्यक्ष, मेरठ व्यापार मंडल) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ समाजसेवी शालू शर्मा, शिखा बंसल, बुद्ध प्रकाश भगत और अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

कार्यक्रम में फैशन डिजाइनर संदीप गोस्वामी, समीर पॉल, जी.टी.आर., मोहम्मद वसीम (स्टाइलिस्ट), ए.जी.एस. ग्रुप और मोहम्मद साकिब सहित फैशन एवं ग्लैमर जगत से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

इस आयोजन में डी.ओ.पी. विशाल खरवार, मोहम्मद वसीम, आराध्या वर्मा, अनुज ठाकुर, इन्फ्लुएंसर खुशबू, इन्फ्लुएंसर नैन्सी, इन्फ्लुएंसर बॉबी किशोर, इन्फ्लुएंसर हर्षिता, अब्बास आरफी, प्रीति सिंह, अनामिका, अभिषेक और माइकल टिशावर्ड सहित कई प्रतिभागियों एवं सहयोगियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम का उद्देश्य फैशन, मॉडलिंग और रैंप वॉक के क्षेत्र में प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर देना रहा। आयोजन में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फैशन जगत से जुड़े लोगों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

आयोजक: रोहित कुमार लिसाडी डायरेक्टर एम.एल. फिल्म प्रोडक्शन रहे

चेन स्नैचिंग का वांछित आरोपी मुठभेड़ में घायल, तमंचा और नकदी बरामद

नित्य संदेश ब्यूरो मेरठ। नौचंदी क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित आरोपी को स्वाट टीम नगर और नौचंदी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी सावेज के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को अभिषेक श्रीवास्तव की पत्नी चांदनी श्रीवास्तव गीता कॉलोनी मोड़ के पास पार्क से घर लौट रही थीं। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना नौचंदी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

12/13 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सावेज पुत्र शमीम निवासी जाकिर कॉलोनी, लोहियानगर (हाल पता न्यू मुस्तफाबाद, लोनी, गाजियाबाद) नौचंदी ग्राउंड में छिपा है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 अवैध तमंचा .315 बोर, 1 खोखा कारतूस और 3,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।