Home Blog Page 10

“विदेशी चमक से नहीं पहचान अपनी, स्वदेशी के माथे पे हिंदुस्तान चाहिए”

  • मंडलीय खादी महोत्सव में स्टार्टअप पिच टैंक और स्वदेशी थीम पर हुआ कवि सम्मेलन का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मेरठ मंडल द्वारा आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी / महोत्सव 2026-27 के अंतर्गत शनिवार को दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए।

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत कविशाला द्वारा स्वदेशी थीम पर आधारित कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल प्रबंधन अंकुर मिश्रा (सीईओ, कविशाला लैब्स प्राइवेट लिमिटेड) द्वारा किया गया। कवियों ने स्वदेशी, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत अपनी काव्य रचनाओं की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अंकुर मिश्रा ने स्वदेशी पर कहा –

चरखे की गूँज में हिंदुस्तान चाहिए,

गांधी के ख़्वाबों-सा स्वाभिमान चाहिए।

विदेशी चमक से नहीं पहचान अपनी,

स्वदेशी के माथे पे हिंदुस्तान चाहिए।

फ़हमी रज़ा ज़ैदी ने यूपी की कला पर कहा –

रेशम बनारसी है, तो लखनऊ का चिकन, उत्तर प्रदेश के हर शहर में छुपा एक जहाँ है।

कालीनों ने भदोही की छोड़ी है वो चमक, छाया हुआ विश्व में हिंदुस्तान है।

स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना

इसके अलावा कवयित्री प्रेरणा और अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से खादी और स्वदेशी का संदेश दिया। बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना तथा आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है।

पिच टैंक स्टार्टअप प्रतियोगिता का आयोजन

प्रातः 10:00 बजे मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पिच टैंक स्टार्टअप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल रेहान अहमद (सीईओ, MIET इनक्यूबेशन फोरम मेरठ) रहे, जबकि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा अहलावत (सदस्य, उप्र राज्य महिला आयोग) रहीं। मुख्य अतिथि द्वारा नए स्टार्टअप प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय प्रमाण पत्र देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरा मेरठ कला शक्ति महासंघ, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तराखंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ गायक दलेर मेहंदी के साथ मंच पर हुई कथित बदसलूकी को लेकर मेरठ कला शक्ति महासंघ ने कड़ा रोष जताया है। संगठन ने 24 अक्टूबर को जिलाधिकारी मेरठ को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और संबंधित मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी कलाकार के साथ इस प्रकार का अपमानजनक व्यवहार कला, संस्कृति और समाज की गरिमा के विरुद्ध है। इससे समस्त कलाकार समुदाय में रोष है। महासंघ ने चार प्रमुख मांगें रखीं। घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में संबंधित मंत्री का अनुचित व्यवहार प्रमाणित होने पर उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। कलाकारों के सम्मान व सुरक्षा हेतु उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

ज्ञापन देने वालों में संस्थापक जैस टिसावर्ड, अध्यक्ष महेंद्र हिलोरिया, सचिव मोहित कुमार शर्मा, महामंत्री सादिक अख्तर, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार, महासचिव सचिव एहसान राजा कुरैशी, प्रचार मंत्री सलीम मलिक, सदस्य विमल मनोठिया, आशीष जैस, कार्तिक टिसावड और संदीप जैस शामिल रहे।

श्रीराम के राजतिलक पर गूंजे जयकारे, रामराज्य की स्थापना का हुआ मंचन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। श्री रामलीला कमेटी मेरठ की ओर से भगवान श्री राम के राजतिलक का भव्य मंचन किया गया। सुगंधित पुष्पों की वर्षा, मंत्रोच्चारण और गगनभेदी “जय श्री राम” के उद्घोष से पूरा परिसर राममय हो उठा।

श्रीराम का डोला ताशा और बैंड बाजे के साथ सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट से शुरू हुआ। यह सुभाष बाजार, थाना कोतवाली के पीछे से होते हुए तोपचीवाड़ा, गुदड़ी बाजार, बजाया, सर्राफा, अनाज मंडी, कबाड़ी बाजार होते हुए शहर दाल मंडी तक पहुंचा। जिस रास्ते से डोला निकला, वहां भक्तों ने पुष्पों की भारी वर्षा की और विजय उत्सव मनाया।शहर दाल मंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण में श्री खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति की ओर से प्रभु श्री राम, मां सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न सहित सभी का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।

समिति अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, महामंत्री राधेश्याम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कमल नयन बिंदल सहित पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा की।खाटू श्याम मंदिर में प्रभु श्री राम का भव्य राजतिलक कार्यक्रम हुआ। राज्याभिषेक के समय वैदिक मंत्रों के साथ पवित्र जल से अभिषेक किया गया। मुख्य तिलक कर्ता आलोक कंसल, दिनेश गुप्ता, राधेश्याम अग्रवाल, कमल नयन बिंदल, मनोज गुप्ता, मनोज अग्रवाल, योगेन्द्र अग्रवाल रहे। मंत्रों का उच्चारण मुख्य पुजारी रामस्वरूप रतूड़ी, हरीश रतूड़ी द्वारा किया गया।जैसे ही तिलक प्रभु श्री राम के मस्तक पर हुआ, शंखनाद, नगाड़ों की ध्वनि और भक्तों की जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्री राम ने राजगद्दी पर विराजमान होकर प्रजा को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के उपरांत भगवान श्री राम का डोला शहर दाल मंडी से सर्राफा, कागजी बाजार, शीश महल, बाबा खाकी, जत्तीवाड़ा होते हुए निज स्थान सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट पहुंचा।समिति द्वारा वर्ष 2026 के लीला मंचन के विश्राम की घोषणा की गई। यह वार्षिक आयोजन अगले वर्ष 2027 में पुनः और अधिक भव्य रूप में किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल, डॉ आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी अनिल वर्मा सहित हजारों की संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

समाधान दिवस में थाना बाबूगढ़ एवं थाना गुलावठी पहुँचें एडीजी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर द्वारा थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ एवं जनपद बुलन्दशहर के थाना गुलावठी का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान जनशिकायतों के निस्तारण, थाना कार्यालयों की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, महिला सुरक्षा, साइबर संबंधी शिकायतों तथा पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


जनपद हापुड़ — थाना बाबूगढ़

अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनसामान्य की शिकायतों को सुना गया तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। थाना कार्यालय का निरीक्षण कर थाना अभिलेखों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।


इसके अतिरिक्त महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिला संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिला सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी कार्यों को प्रभावी बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। IGRS सेल एवं साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों की प्रभावी निगरानी तथा साइबर संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


जनपद बुलन्दशहर — थाना गुलावठी

अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा थाना गुलावठी के CCTNS कार्यालय एवं थाना कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। IGRS सेल का निरीक्षण करते हुए पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


तत्पश्चात थाना परिसर का भ्रमण एवं निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। थाना भोजनालय का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। भूतल पर स्थित आदर्श बैरक एवं प्रथम तल पर स्थित बैरक का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।


इसके अतिरिक्त उपनिरीक्षक हॉस्टल एवं महिला बैरक के आसपास साफ-सफाई तथा जलभराव की स्थिति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी कक्ष का निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की गई तथा अभिलेखों के उचित रख-रखाव एवं कार्यालय के कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करने हेतु निर्देशित किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि जनशिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में निष्पक्षता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। महिला संबंधी शिकायतों एवं साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्यवाही की जाए। साथ ही थाना कार्यालयों, अभिलेखों, बैरकों, भोजनालय एवं थाना परिसरों में स्वच्छता तथा बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता को डॉ बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार-2026

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ के लिए गौरव का क्षण आया है। संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर शनिवार को चंडीगढ़ में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉक्टर बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें डॉ बीआर अंबेडकर स्पोर्ट्स फाउंडेशन की ओर से पंजाब यूनिवर्सिटी के गोल्डन जुबली हॉल चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। गौरतलब है कि उक्त फाउंडेशन को स्वयं संयुक्त राष्ट्र द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह प्रतिष्ठित चिकित्सा महाविद्यालय छात्रहित व जनहित में निरंतर कार्य कर रहा है और प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

सम्मान की खबर मिलते ही मेडिकल कॉलेज मेरठ के सभी संकाय सदस्यों ने प्राचार्य को बधाई दी और उनके नेतृत्व में कॉलेज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।