Home Blog Page 9

दिवाली से पहले लौटी खुशियां, गुम मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे

दिवाली से पहले लौटी खुशियां, गुम मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे

क्राइम ब्रांच इंदौर की प्रभावी कार्यवाही: करीब ₹20 लाख कीमत के 112 गुम मोबाइल बरामद कर, आवेदकों को किए वापस

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा गुम मोबाइल फोन की शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए करीब ₹20 लाख कीमत के 112 मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किए गए। ये मोबाइल फोन सिटीजन कॉप एप्लीकेशन (Citizen Cop Application) एवं CEIR (Sanchar Saathi Portal) पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर तलाशे गए थे।

आज क्राइम ब्रांच द्वारा बरामद किए गए 112 मोबाइल फोन जो वापस किए गए हैं, उनमें विभिन्न कंपनियों के महंगे एवं आधुनिक मोबाइल शामिल हैं। इनमें गूगल पिक्सल, आईफोन, आईटेल, एमआई, लावा, मोटोरोला, वनप्लस, ओप्पो, पोको, रियलमी, रेडमी, सैमसंग, टेक्नो एवं वीवो कंपनियों के मोबाइल फोन शामिल हैं।

बरामद मोबाइल फोन का कंपनीवार विवरण: बरामद किए गए 112 मोबाइल में गूगल पिक्सल – 1, आईफोन – 1, आईटेल – 1, एमआई – 1, लावा – 1, मोटोरोला – 6, वनप्लस – 9, ओप्पो – 16, पोको – 2, रियलमी – 14, रेडमी – 9, सैमसंग – 7, टेक्नो – 2, वीवो – 42 है।

क्राइम ब्रांच की साइबर सेल टीम द्वारा वर्ष 2026 में प्राप्त गुम मोबाइल फोन की शिकायतों का निराकरण करते हुए आज दिनांक तक कुल 1,045 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए जा चुके हैं। बरामद मोबाइल फोन मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों से भी तलाशे गए हैं।

गुम मोबाइल की शिकायतों के निराकरण में सिटीजन कॉप एप एवं CEIR पोर्टल बने उपयोगी माध्यम—

इंदौर पुलिस द्वारा संचालित सिटीजन कॉप एप्लीकेशन आमजन को पुलिस तक ऑनलाइन शिकायत एवं सूचना पहुंचाने की सुविधा प्रदान करती है। एप के माध्यम से किसी वस्तु के गुम अथवा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। वहीं, भारत सरकार के दूरसंचार विभाग का CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के IMEI नंबर को ब्लॉक कराने तथा मोबाइल की तलाश में सहायता करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है।

इन डिजिटल माध्यमों के जरिए प्राप्त शिकायतों पर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए गुम मोबाइल फोन की तलाश की जाती है। इन सुविधाओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ने के साथ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने का रुझान भी बढ़ रहा है।

मोबाइल गुम या चोरी होने पर ऐसे दर्ज करें शिकायत सिटीजन कॉप एप्लीकेशन के माध्यम से—

Google Play Store से Citizen Cop एप डाउनलोड करें।

गुम/चोरी की शिकायत (Report Lost Article) विकल्प चुनें।

निर्देशों से सहमत होकर Mobile + SIM Card का विकल्प चुनें।

मांगी गई जानकारी के साथ शिकायत फॉर्म भरें।

मोबाइल का बिल एवं थाने में की गई शिकायत की प्रति उपलब्ध होने पर अपलोड करें।

वैकल्पिक मोबाइल नंबर दर्ज कर शिकायत सबमिट एवं कन्फर्म करें।

शिकायत क्रमांक सुरक्षित रखें, ताकि आगे की कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की जा सके।

मोबाइल मिलने पर शिकायत में दर्ज वैकल्पिक मोबाइल नंबर के माध्यम से आवेदक को सूचित किया जा सकता है।

CEIR (Sanchar Saathi) पोर्टल के माध्यम से—

मोबाइल गुम या चोरी होने पर पहले नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

संबंधित मोबाइल सेवा प्रदाता से अपनी सिम दोबारा जारी करवाएं।

भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://www.ceir.gov.in/ पर जाएं।

मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।

आवश्यक विवरण एवं उपलब्ध दस्तावेज, जैसे मोबाइल बिल, पुलिस शिकायत तथा पहचान संबंधी दस्तावेज, पोर्टल के निर्देशानुसार अपलोड करें।

आवेदन जमा करने के बाद प्राप्त Request ID सुरक्षित रखें, जिससे शिकायत की स्थिति ट्रैक की जा सके।

इंदौर पुलिस की अपील—

इंदौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा सिटीजन कॉप एप्लीकेशन एवं CEIR पोर्टल का उपयोग कर शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल का IMEI नंबर एवं खरीद संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रखें। किसी अन्य व्यक्ति का गुम मोबाइल मिलने पर उसका अनुचित उपयोग करने के बजाय पुलिस को सूचित करें।

सराहनीय भूमिका—

गुम मोबाइल फोन की तलाश एवं बरामदगी में क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।

गन्ने के खेत में मिला दो दिन से लापता फौजी की पत्नी रुबीना का शव

नित्य संदेश ब्यूरो

बागपत। खड़खड़ी गांव से दो दिन से लापता विवाहिता रुबीना (26) का शव शनिवार सुबह बिजरौल-वाजिदपुर मार्ग के पास गन्ने के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के गले पर निशान और शरीर पर नीले निशान पाए गए हैं, जिससे जहर देकर गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतका रुबीना पुत्री इरफान, गांव आसिफपुर खड़खड़ी की रहने वाली थी। करीब तीन वर्ष पहले उसका निकाह मुजफ्फरनगर के पुरबालियान गांव निवासी अलीशान के साथ हुआ था, जो सेना में जवान है और वर्तमान में कश्मीर में तैनात बताया जा रहा है। मृतका की मां तसमीना के अनुसार, शादी के ढाई महीने बाद ही ससुराल वालों ने मारपीट कर रुबीना को घर से निकाल दिया था। समझौते के बाद पति उसे दोबारा ले गया, लेकिन छह महीने बाद फिर मारपीट कर निकाल दिया। इसके बाद रुबीना पिछले करीब दो वर्षों से मायके में रह रही थी। दंपति का दो साल का एक बेटा भी है। दहेज विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच अदालत में मुकदमा विचाराधीन है और 26 अक्टूबर को खर्च के मामले में सुनवाई होनी थी, यानी तारीख से ठीक चार दिन पहले यह वारदात हुई।

बताया जा रहा है कि छुट्टी पर घर आया अलीशान गुरुवार को बड़ौत पहुंचा था और उसने फोन व व्हाट्सएप मैसेज कर रुबीना को गांव बिजरौल बुलाया था। इसके बाद रुबीना घर नहीं लौटी। शाम छह बजे तक बेटी के न लौटने पर मां ने अलीशान को फोन किया तो उसने टालमटोल कर दिया। उसी दिन परिजनों ने पुलिस चौकी पर गुमशुदगी की सूचना दी थी।

शनिवार सुबह नौ बजे वाजिदपुर में सतपाल के गन्ने के खेत में किसानों ने शव देखा तो पुलिस और परिजनों को सूचना दी। इस मामले में मृतका के भाई आजाद ने पति अलीशान, सास बलीस, देवर सुहेल, ननद फहीना व अमर तथा अलीशान के मामा जुबेद्दीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

इंस्पेक्टर क्राइम वीरेंद्र सिंह के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

खादी महोत्सव में स्कूल ऑफ नेचर की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन

  • राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित हो रही मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी/महोत्सव 2026-27 में शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।

सायं 5:00 बजे स्कूल ऑफ नेचर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रदर्शनी में आमजन की भारी भीड़ रही और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की खूब बिक्री हुई।

परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी सुश्री मान्या चतुर्वेदी ने स्कूल ऑफ नेचर के सभी प्रतिभागियों/कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक कलाओं का संरक्षण और आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है। विभिन्न कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए इन उद्देश्यों को साकार किया जा रहा है।

राज्य मंत्री आज करेंगे समापन

इस प्रदर्शनी का समापन रविवार को अपराह्न 3:00 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर द्वारा किया जाएगा। मान्या चतुर्वेदी ने जनपद वासियों से अपील की है कि प्रदर्शनी को सफल बनाने और स्टॉल लगाने वाले प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी मैदान, राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचें।

नफरत मिटाने को जमीयत सद्भावना मंच की पहल, 6 माह में 200 नुक्कड़ सभाओं का संकल्प

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। समाज में बढ़ती नफरत और दूरियों को मिटाकर भाईचारा बढ़ाने के लिए जमीयत सद्भावना मंच मेरठ ने शनिवार को चेंबर ऑफ कॉमर्स, बॉम्बे बाजार, हनुमान चौक, मेरठ कैंट में सद्भावना सम्मेलन आयोजित किया।सम्मेलन में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अध्यक्षता जमीयत उलमा शहर सदर मुफ्ती जुनैद कासमी ने की, संचालन मुफ्ती अरशद ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में जमीयत के जनरल सेक्रेटरी मौलाना हकीमुद्दीन और डॉ. प्रभात राय शामिल हुए। सम्मेलन में सरदार सरबजीत सिंह कपूर, डेनियल मसीह, महात्मा ज्ञान दास, बौद्ध भिक्षु संघ ज्योति, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, मेजर हिमांशु, गजेंद्र पायल, प्रवीण भारती, अब्दुल जब्बार, रऊफुल हसन, सुदीप जैन सहित कई अधिवक्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन में तय किया गया कि सद्भावना का संदेश सिर्फ सभाओं तक सीमित न रहे, इसके लिए अगले 6 महीनों में विभिन्न मोहल्लों और गलियों में 200 नुक्कड़ सभाएं कर घर-घर तक प्रेम, धार्मिक सहिष्णुता और एकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। संयोजक रियासत एडवोकेट ने कहा कि नफरत को प्रेम से और गलतफहमी को संवाद से ही खत्म किया जा सकता है, यह समाज को जोड़ने की सामूहिक जिम्मेदारी है।

एमडी ने किया जागृति विहार उपकेंद्र का औचक निरीक्षण

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आगामी त्योहारों पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने 33/11 केवी उपकेंद्र जागृति विहार-प्रथम एवं द्वितीय का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एमडी ने पावर ट्रांसफार्मर का लोड, ऑयल लेवल, अर्थिंग, WTI/OTI, विद्युत उपकरणों व लाइनों के मेंटेनेंस कार्यों का जायजा लिया और निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुरक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि उपकरण क्षतिग्रस्त न हों। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर, बैटरी चार्जर सहित सुरक्षा उपकरणों के रख-रखाव, बिजलीघर परिसर व यार्ड की साफ-सफाई का निरीक्षण किया, जो संतोषजनक मिली। लॉग शीट व अन्य अभिलेखों की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता 11 केवी प्रशांत सोनी, 33 केवी मृत्युंजय शाही सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।