
मोहम्मद सुहैल
नित्य संदेश, मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित अल्लामा इकबाल यूनानी मेडिकल कॉलेज में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के अंतर्गत यूनानी सेवाओं के निदेशक प्रो. जमाल अख्तर का आगमन हुआ। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन की ओर से उनको गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।
उन्होंने कॉलेज परिसर का भ्रमण किया और यूनानी चिकित्सा पद्धति के महत्व, उसकी विशेषताओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी उपयोगिता को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर प्रो. जमाल अख्तर ने यूनानी चिकित्सा पद्धति की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और इसके समग्र चिकित्सा दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यूनानी चिकित्सा पद्धति स्वास्थ्य संरक्षण, बीमारियों की रोकथाम और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर तस्लीम उल हक ने अतिथि का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कॉलेज के प्रिंसिपल मुश्ताक हुसैन, प्रो. एम एच अंसारी, फाइनेंस डायरेक्टर एस के गोयल और एडमिशन डायरेक्टर सैयद अरीब सहित कॉलेज के शिक्षक, स्टाफ सदस्य और छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण और यूनानी चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। कॉलेज प्रबंधन ने प्रो. जमाल अख्तर के आगमन को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।


