
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ के तत्वावधान में सोमवार को मेरठ पब्लिक स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में प्राधिकरण की सचिव सुश्री सोनिका वर्मा ने छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को पॉक्सो एक्ट, अच्छे-बुरे स्पर्श में अंतर, बाल शोषण और हिंसा की स्थिति में शिकायत करने के तरीकों के बारे में बताया।
साथ ही छात्राओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और लैंगिक उत्पीड़न से बचाव के कानूनों की जानकारी दी गई। सचिव ने बताया कि पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता और परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है। शिविर के दौरान बच्चों ने कई सवाल पूछे, जिनका सरल भाषा में समाधान किया गया।


