
रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। उधार के डेढ़ लाख रुपये वापस मांगने पर एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और नशे के इंजेक्शन लगाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को थाना पुलिस को ग्राम अगवानपुर और नीमका के बीच एक बाग के पास बदहवास हालत में रस्सी से बंधा युवक मिला। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया।
होश आने पर युवक ने अपना नाम अंकित पुत्र संतरपाल निवासी ग्राम गगसौना थाना फलावदा बताया। अंकित ने आरोप लगाया कि उसने अपने पड़ोसी रिश्ते के तहेरे भाई को डेढ़ लाख रुपये उधार दिए थे। 21 अक्टूबर को पड़ोसी और उसकी पत्नी ने उधार के पैसे लौटाने के बहाने उसे ससुराल के गांव नीमका बसतोरा में बुलाया। आरोप है कि गांव से पहले जंगल में बाग के पास पड़ोसी, उसकी पत्नी और गांव निवासी उसके साले ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। बेहोश होने के बाद उसे रस्सी से बांध दिया और रोजाना गाली-गलौज व मारपीट कर जबरन नशे के इंजेक्शन लगाते रहे।
एक सप्ताह से लापता था युवक
सूचना पर थाना प्रभारी केदार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उधर, सीएचसी प्रभारी डॉ. रवि शंकर शर्मा के उपचार के बाद होश आने पर परिजनों को सूचना दी गई। पिता संतरपाल ने बताया कि बेटे के घर न लौटने पर उन्होंने थाना फलावदा में एक सप्ताह पूर्व गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


