
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। 1857 के क्रांतिनायक शहीद धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान द्वारा आज एफ-13, शास्त्रीनगर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र तस्वीर सिंह चपराना ने घोषणा की कि इस वर्ष क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जन्मोत्सव माह-2026 का आयोजन देशव्यापी स्तर पर किया जाएगा। इसका शुभारंभ 30 अक्टूबर को लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से होगा तथा 27 नवंबर 2026 को क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव तक विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
तस्वीर सिंह चपराना ने कहा कि जन्मोत्सव माह का उद्देश्य 1857 की क्रांति में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के योगदान, उनके साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित न रखकर देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों में व्यापक स्तर पर आयोजित करने की योजना है।
देशभर में होंगे विविध कार्यक्रम
जन्मोत्सव माह के अंतर्गत खेलकूद एवं दौड़ प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण अभियान, विचार गोष्ठियां, जनजागरूकता रैलियां, दीपोत्सव तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को इतिहास, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक एकता के संदेश से जोड़ा जाएगा। श्री चपराना ने बताया कि जन्मोत्सव माह के विभिन्न कार्यक्रमों में सामाजिक संस्थाओं, खाप पंचायतों के मुखियाओं, अध्यक्षों, बुद्धिजीवियों, इतिहासकारों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य व्यक्तियों को सादर आमंत्रित किया जाएगा, ताकि क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें।
सरकार के समक्ष रखी जाएंगी प्रमुख मांगें
शोध संस्थान द्वारा जन्मोत्सव माह के कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी के ऐतिहासिक योगदान को उचित सम्मान दिलाने के लिए निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी जाएंगी—
- पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए: क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल की जीवनी एवं 1857 की क्रांति में उनके योगदान को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), सीबीएसई, आईसीएसई तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।
- लखनऊ पुलिस मुख्यालय में प्रतिमा स्थापित हो: उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के सिग्नेचर भवन, लखनऊ में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी की प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास में उनके योगदान को उचित स्थान मिल सके।
- प्रदेश के थानों में चित्र लगाए जाएं: उत्तर प्रदेश के सभी पुलिस थानों में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी के चित्र लगाए जाएं, जिससे पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों को उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी मिल सके।
- विद्यालयों में ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला जाए: प्रत्येक वर्ष 10 मई को क्रांति दिवस, 4 जुलाई को शहादत दिवस तथा 27 नवंबर को जन्मदिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान 1857 की क्रांति और क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी की जीवनी एवं योगदान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जाए।
तस्वीर सिंह चपराना ने कहा कि शोध संस्थान इन मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल जी के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से जन्मोत्सव माह के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
प्रेसवार्ता में ये गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के प्रपौत्र एवं शोध संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष तस्वीर सिंह चपराना, निदेशक प्रोफेसर देवेश चंद्र शर्मा, निदेशक प्रदीप सिंह गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह धामा, प्रधानाचार्य संजीव नागर, भोपाल सिंह, पूर्व डी एस पी बले सिंह, रामनिवास, विनय कुमार, संजय धामा, फ़ौजी राजेन्द्र कश्यप, विनय कुमार, संजय धामा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


