
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। दिल्ली के रामलीला मैदान में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की महारैली में शामिल होने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक कर हिरासत में ले लिया।
आज सैकड़ों कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी के नेतृत्व में महानगर कैंप कार्यालय से गाड़ियों के काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे। तभी थाना कोतवाली और लिसाड़ी गेट पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और रैली में जाने से मना कर दिया।
कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो थाना प्रभारी कोतवाली एवं सीओ कोतवाली के निर्देश पर सभी को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली ले जाया गया। थाने में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर सरकार के तौर पर काम करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी, बाबर कस्सार, जफर चौधरी, अफजाल सैफी, आस मोहम्मद, ताहिर अब्बासी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


