
नित्य संदेश ब्यूरो
सहारनपुर। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के निदेशक (वाणिज्य) संजय जैन ने शनिवार को सहारनपुर जोन का औचक दौरा किया।
उन्होंने जोन के अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत वितरण व्यवस्था, लाइन लॉस और राजस्व वसूली की गहन समीक्षा की।बैठक में निदेशक ने नेगेटिव लाइन लॉस दर्शाने वाले फीडरों की जीआईएस व कंज्यूमर मैपिंग में त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इनपुट व आउटपुट मीटरों का शत-प्रतिशत सत्यापन कर सही डेटा पोर्टल पर अपडेट करने को कहा।
उन्होंने बड़े बकायादारों से वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने, डिफॉल्टरों के कनेक्शन काटने, शत-प्रतिशत सही बिलिंग सुनिश्चित करने तथा ‘विद्युत चोरी रोको’ सघन अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विभागीय कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


