
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज बनासकांठा गुजरात में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के अंतर्गत देश के 9.34 करोड़ किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
जनपद मेरठ में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी विकास खंड मुख्यालयों पर किसानों को आमंत्रित कर दिखाया गया। मुख्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, हस्तिनापुर में आयोजित किया गया। केंद्र के सभागार में किसानों को कृषि विभाग की संचालित योजनाओं, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, प्राकृतिक खेती एवं सामयिक फसलों के संबंध में तकनीकी जानकारी दी गई। जनपद मेरठ के 1,83,911 किसानों को 24वीं किस्त का लाभ मिलना संभावित है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुनील पोसवाल प्रभारी रहे। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, केवीके प्रभारी डॉ. नवीन चंद्रा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. शुभम आर्य, डॉ. जितेंद्र आर्य, बीना यादव, कृषि विभाग से डॉ. रविंद्र, अंकित चौधरी सहित लगभग 150 किसान उपस्थित रहे।


