HomeUncategorizedलाला लाजपत राय स्मारक (LLRM) मेडिकल कॉलेज में खेल समारोह (एस.एम.सी.टी. 2026)...

लाला लाजपत राय स्मारक (LLRM) मेडिकल कॉलेज में खेल समारोह (एस.एम.सी.टी. 2026) का भव्य शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (LLRM) मेडिकल कॉलेज के स्टेडियम में आज वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एस.एम.सी.टी. 2026 का अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ शुभारंभ किया गया।

समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता एवं गेल गैस लिमिटेड के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक और अधिकारी प्रभारी श्री विनय कुमार ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और आसमान में शांति के प्रतीक कबूतर छोड़कर किया। इस अवसर पर डॉ. अमित गर्ग, डॉ. लोकेश कुमार सिंह, डॉ. अमरेन्द्र चौधरी, डॉ. संदीप मालियान, डॉ. राहुल सिंह सहित कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक व संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा जैसा तनावपूर्ण और जिम्मेदारी से भरा पेशा अपनाने वाले छात्रों के लिए खेलों का महत्व और भी बढ़ जाता है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि भविष्य के डॉक्टरों में टीम भावना, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता का भी विकास करते हैं।

उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण मार्च पास्ट और परेड रहा, जिसमें कॉलेज के चारों हाउसों – रेड, येलो, ग्रे और ब्लू हाउस के छात्र-छात्राओं ने पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। इसके पश्चात सभी खिलाड़ियों को खेल नियमों के पालन और निष्पक्षता की शपथ दिलाई गई।

इस वार्षिक खेल महोत्सव के दौरान क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित कई प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन दिवस पर खेले गए पहले मुकाबलों में छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। समारोह के अंत में डॉ. अंशु टण्डन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में होने वाले फाइनल मुकाबलों के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मुख्य समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन, वरिष्ठ डॉक्टर, फैकल्टी मेंबर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share on Blogger
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Facebook Page

Most Popular

Recent Comments