नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्थानीय गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के मैदान पर खेले गए पहले ऑल इंडिया इंटर-स्कूल चौधरी नरिंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में ऋषभ अकादमी स्कूल ने रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल को 8 रनों से हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
टॉस जीतकर रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषभ अकादमी स्कूल ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 198 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मुआज ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि प्रिंस ने 40, विहान ने 38 और फैमाश ने 37 रनों का योगदान दिया। रुद्रा इंटरनेशनल की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अर्नव और रनदीप ने 2-2 विकेट झटके, वहीं दिव्यांश, सुयाश, लवीश और साद को 1-1 सफलता मिली।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की टीम ने रोमांचक संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 190 रन ही बना सकी। टीम के लिए मो. साद अहमद ने 43, रनदीप ने 41, अर्नव ने 37 और कस्यप राज ने 36 रनों की पारियां खेलीं। ऋषभ अकादमी की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए प्रिंस ने अकेले 6 विकेट चटकाए, जबकि आद्या ने 2 और अब्दुल रहमान ने 1 बल्लेबाज को आउट किया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्रिंस को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
टूर्नामेंट के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि कविश जैन, नीरज शर्मा, रोहित कुमार और चिराग ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आयोजन सचिव अतहर अली व रजनी ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट में अब्दुल रहमान को ‘बेस्ट बॉलर’ और भारती हांडा को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ घोषित किया गया।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि अंडर-14 प्रथम ऑल-इंडिया इंटर-स्कूल टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन शनिवार, 24 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल (GTBPS) के प्रांगण में किया जाएगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि अमित गर्ग मूर्ति शिरकत करेंगे।
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित:
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया। रनर-अप टीम के रणदीप सिंह और बेस्ट कीपर ऋतिक सिरोही को सम्मानित करने के साथ-साथ गेंदबाजों को बैटिंग शूज़ भेंट किए गए।
सफल आयोजन में प्रमुख योगदान:
इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन में विनीत सरीन, ई.एम. पब्लिक, अमित अग्रवाल (विधायक, मेरठ कैंट), डॉ. गोपाल दीक्षित और प्रभा राव का विशेष योगदान प्राप्त हुआ है।


