- 22 कैरेट बताकर बेचा जा रहा 20 कैरेट का गहना, हॉलमार्क जांच भी फेल
नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। शादी-ब्याह के सीजन में जब लोग लाखों रुपये खर्च कर सोने के गहने खरीद रहे हैं, उसी समय सोने में मिलावट का ऐसा खेल सामने आया है, जिसने पूरी जांच व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। चीन से आने वाले एक भारी धातु के पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस मिलावटी सोने से बना गहना हॉलमार्क जांच में भी 22 कैरेट का साबित हो रहा है, जबकि असल में उसमें सोना सिर्फ 20 कैरेट के बराबर होता है।
जोधपुर में हुआ खुलासा
यह खुलासा राजस्थान के जोधपुर में किए गए एक प्रयोग में हुआ। जांच टीम ने एक स्थानीय ज्वैलर के साथ मिलकर यह प्रयोग किया। पहले चीन के शेनझेन के एक एजेंट से संपर्क किया गया। एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम नाम का पाउडर बनाती है, जिसे सोने में मिलाया जा सकता है। उसने यह भी दावा किया कि इस पाउडर को 25 प्रतिशत तक मिलाने पर भी सामान्य जांच में पकड़ा नहीं जा सकता। उसके कई भारतीय शहरों में डीलर होने की बात भी सामने आई।
बाद में मुंबई के एक डीलर से 1 ग्राम रेनियम पाउडर का नमूना मंगाया गया। इसके लिए 5,000 रुपये कीमत और 300 रुपये कूरियर शुल्क देना पड़ा। कैसे हुआ प्रयोगप्रयोग में 7.830 ग्राम 24 कैरेट शुद्ध सोने में 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया। इससे कुल वजन 8.830 ग्राम हो गया। जांच में इस मिश्रण को भी 24 कैरेट सोना ही बताया गया। इसके बाद इसमें 0.75 ग्राम अन्य धातु मिलाकर एक पारंपरिक राजस्थानी गहना बनाया गया।
तैयार गहने का वजन 9.580 ग्राम हुआ। हर जांच में पास, असलियत कुछ और
तैयार गहने को जोधपुर के अलग-अलग जांच केंद्रों और शोरूमों में ले जाया गया। हॉलमार्किंग सेंटर ने उसे 92K916 का निशान दे दिया, यानी 22 कैरेट सोना। एक ज्वैलरी शोरूम की मशीन ने इसमें 93.70 प्रतिशत सोना, 5.39 प्रतिशत चांदी और 0.90 प्रतिशत तांबा बताया, लेकिन रेनियम का कहीं जिक्र नहीं आया। एक बड़े ब्रांडेड शोरूम ने भी इसे 22 कैरेट ही बताया। जबकि, इस्तेमाल किए गए असली सोने के हिसाब से गहने में सोने की मात्रा सिर्फ 81.7 प्रतिशत थी, जो करीब 20 कैरेट के बराबर है।
ग्राहक को कितना नुकसान
अगर सोने का भाव 1.5 लाख रुपये प्रति तोला माना जाए तो इस मिलावट से ग्राहक को करीब 14,700 रुपये प्रति तोला का नुकसान हो सकता है। क्योंकि ग्राहक गहने के कुल वजन और बताई गई शुद्धता के हिसाब से पैसा देता है, लेकिन उसे सोना कम मिलता है।
क्यों नहीं पकड़ में आता रेनियम
रेनियम एक दुर्लभ और भारी धातु है। इसका घनत्व करीब 21 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर है, जबकि शुद्ध सोने का घनत्व करीब 19.3 ग्राम प्रति घन सेंटीमीटर होता है। इसी वजह से इसे मिलाने पर गहने का वजन बढ़ जाता है, लेकिन घनत्व में ज्यादा फर्क नहीं आता। सामान्य एसिड टेस्ट और कसौटी टेस्ट इसे पकड़ नहीं पाते। एक्सआरएफ मशीन भी सतह की जांच करती है, इसलिए कई बार इसमें भी मिलावट पकड़ में नहीं आती। विशेषज्ञों के अनुसार फायर एसे और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी एडवांस जांच से ही इसे पकड़ा जा सकता है।
सिर्फ रेनियम नहीं, और भी धातुएं
इंदौर के सराफा बाजार के व्यापारियों ने भी इसी तरह की शिकायत की है। वहां रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं को सोने में मिलाने की बात सामने आई है। बाजार में इसे ‘गोल्ड पाउडर’ के नाम से भी जाना जा रहा है, जो महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के रास्ते भारतीय बाजार में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
हॉलमार्क व्यवस्था पर भी सवाल
इस बीच हॉलमार्क व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल उठे हैं। सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 में 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वैलर्स का निरीक्षण ही नहीं हुआ। बीआईएस भी हॉलमार्किंग सेंटरों की निगरानी के लक्ष्य से 43.7 प्रतिशत पीछे रहा।
ग्राहक क्या करें•
हमेशा BIS हॉलमार्क वाला गहना ही खरीदें
• बिल और जीएसटी इनवॉइस जरूर लें
• भरोसेमंद और पुरानी दुकान से ही खरीद करें
• खरीद से पहले शुद्धता और वजन बिल पर लिखवाएं
• शक हो तो एडवांस लैब में जांच कराएं


