नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अपनी टिकट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) प्रणाली को समाप्त करने पर विचार कर रहा है। प्रस्तावित बदलाव लागू होने के बाद यात्रियों को आधी बर्थ साझा करने की मजबूरी नहीं रहेगी और खाली सीटों के आवंटन की प्रक्रिया भी बदल जाएगी।
पूरी बर्थ या वेटिंग का विकल्प: फिलहाल RAC टिकट पर दो यात्रियों को एक ही साइड लोअर बर्थ साझा करनी पड़ती है, जिससे लंबे सफर में खासी असुविधा होती है। संभावित बदलाव के तहत यात्रियों को या तो पूरी कन्फर्म बर्थ मिलेगी या फिर टिकट वेटिंग लिस्ट में रहेगा।
करंट बुकिंग पर जोर: ट्रेन रवाना होने के बाद खाली रहने वाली बर्थ के आवंटन को लेकर उठने वाले सवालों के बीच व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम हो रहा है। खाली सीटों को सीधे करंट बुकिंग के जरिए उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे टीटीई (TTE) के स्तर पर मनमाने बर्थ आवंटन की गुंजाइश कम होगी।
यात्रियों को संभावित राहत: यदि यह योजना लागू होती है, तो टिकट कन्फर्मेशन और बर्थ आवंटन को लेकर होने वाली उलझन काफी हद तक कम हो सकती है।


