नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को जगह-जगह रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व पर शहर के प्रमुख रामलीला मैदानों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा द्वारा रामलीला मैदान दिल्ली रोड पर मुख्य आयोजन किया गया। यहां भगवान श्रीराम और रावण दल के बीच युद्ध का मंचन हुआ, जिसके बाद 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रथ पर सवार रावण, बीच में लगी चकरी और आंखों से निकलते अंगारों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। वहीं सूरजकुंड, भैंसाली मैदान, परतापुर और मोदीपुरम में भी रामलीला कमेटियों द्वारा भव्य रावण दहन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन ने जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात किया था। रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान श्रीराम का रथ जागेश्वर धाम मंदिर, सरस्वती लोक से और रावण दल का रथ नीलकंठ महादेव मंदिर, दिल्ली गेट से गाजे-बाजे के साथ निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ रामलीला मैदान पहुंचा।
120 फीट ऊंचे रावण के दहन से गूंजा मैदान
श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा पंजीकृत मेरठ शहर के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला मैदान दिल्ली रोड पर विजयदशमी का भव्य आयोजन किया गया।
संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि भगवान श्री राम और रावण दल के बीच अंतिम युद्ध का मंचन किया गया, जिसके बाद 120 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले का दहन किया गया। रथ पर सवार रावण का पुतला, बीच में लगी चकरी और आंखों से निकलते अंगारों के साथ आकर्षण का केंद्र रहा। पुतला दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। भगवान श्री रामचन्द्र का रथ जागेश्वर धाम मंदिर, सरस्वती लोक से और रावण दल का रथ दिल्ली गेट चौक स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ रवाना हुआ। दोनों रथ ब्रह्मपुरी, इंद्रा नगर होते हुए बहादुर मोटर्स के सामने से रामलीला मैदान पहुंचे, जहां हजारों भक्तों ने युद्ध मंचन देखा।
शिवसेना कार्यालय पर हुआ शस्त्र पूजन
दशहरा के अवसर पर छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय पर जिला प्रमुख संदीप गर्ग व महानगर प्रमुख मोहित त्यागी के नेतृत्व में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी यूपी प्रभारी धर्मेन्द्र तोमर ने शिव सैनिकों को विजय दशमी का महत्व बताया। शस्त्र पूजन में अवनीश आर्य, कमल प्रजापति, प्रदीप सक्सेना, आकाश कन्नौजिया, पंकज गुप्ता, आरपी सिंह, अशोक चतुर्वेदी, लोकेश राजपूत, रितू सिंह, धीरज कुमार, अमित, अहसान कुरेशी, प्रदीप कुमार, शौकत सलमानी, आमिर मेरठी, प्रेम शंकर, चांद, रतन सिंह, प्रमोद, आदेश कुमार, विरेन्द्र सिंह, आसिफ, इरशाद, अशरफ, शहजाद, नूरेन, जुनैद, समीर, शादाब, जावेद आदि शामिल रहे।


