नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन 23 अक्टूबर को लखनऊ के गन्ना भवन, डालीबाग में पंचायत करेगी। इसमें जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में मेरठ से सैकड़ों किसान शामिल होंगे।
किसान 22 अक्टूबर शाम को सिटी स्टेशन से नौचंदी एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। भीड़ को देखते हुए भाकियू ने स्टेशन अधीक्षक और रेलवे पुलिस को अतिरिक्त 5 कोच लगाने के लिए मांग पत्र सौंपा है, ताकि अन्य यात्रियों और किसानों को परेशानी न हो। इससे पहले आज विकास भवन में जिलाधिकारी वीके सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। इसमें भाकियू ने पिछले माह की 73 में से 24 समस्याओं के समाधान न होने पर नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष ने 25 नई समस्याओं का मांग पत्र सौंपा, जिसमें गन्ना मूल्य, घटतौली रोकना, जल जीवन मिशन से टूटी सड़कें, खतौनी में अंश निर्धारण और डीएपी की उपलब्धता जैसे मुद्दे शामिल हैं। डीएम ने एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन दिया है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, मोनू टिकरी, वीरेंद्र महपा, विनोद , कृष्णपाल, रविन्द्र, विनय, डीके, मनोज शर्मा , सत्येंद्र, वीरपाल, हरेंद्र संदीप , आदि मौजूद रहे।


