नित्य संदेश ब्यूरो
देवबंद। मशहूर शायर डॉ. नवाज देवबंदी की पत्नी हाजरा का बुधवार को बीमारी के चलते निधन हो गया। वह 62 वर्ष की थीं और मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती थीं। उनके निधन की खबर से परिवार और परिचितों में शोक छा गया। हाजरा देवबंद के मोहल्ला किला की निवासी थीं और लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थीं।
कुछ माह पहले मेरठ के जसवंत राय अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हाल ही में उनकी पित्त की थैली का ऑपरेशन भी हुआ था। बताया गया है कि संक्रमण के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। हाजरा की नमाज-ए-जनाजा बुधवार शाम साढ़े चार बजे देवबंद स्थित दारुल उलूम के आहता-ए-मोलसरी में अदा की जाएगी। इसके बाद उन्हें शाहविलायत कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके निधन से परिजनों और डॉ. नवाज देवबंदी से जुड़े लोगों में गम का माहौल है।


