
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सनातन धर्म रक्षिणी सभा और रामलीला कमेटी के तत्वावधान में विजयदशमी के उपरांत राधा कृष्ण शिव मंदिर, वैशाली कॉलोनी गेट गढ़ रोड पर लीला का मंचन हुआ।
कार्यक्रम में हनुमान द्वारा सीता को राम की विजय का संदेश सुनाने, सीता की अग्निपरीक्षा और विभीषण के राजतिलक का मंचन किया गया।मंचन के दौरान हनुमान के अशोक वाटिका पहुंचने और सीता को विजय समाचार देने का प्रसंग इतना मार्मिक रहा कि दर्शक भावविभोर हो उठे। इसके बाद सीता की अग्निपरीक्षा के दृश्य पर पूरे वातावरण में सन्नाटा छा गया और दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम दरबार के भव्य दृश्य पर भक्तों ने “जय श्रीराम” के जयघोष से मंदिर प्रांगण गूंजा दिया। अंत में विभीषण के राजतिलक पर जय-जयकार गूंज उठी।

लीला एवं शोभायात्रा के संयोजक मनोज गुप्ता, प्रवीण अरोड़ा और समर्थ मित्तल रहे। विभीषण राजतिलक के बाद शाम 6 बजे राधा गोविंद मंडप से जुलूस निकला जो गली नंबर 3 नेहरू नगर, फूल बाग कॉलोनी, सती मंदिर, साईं बाबा मंदिर, गांधीनगर, सोहराब गेट, खंदक, छीपीवाड़ा, बाजार पेडामल, स्वामीपाड़ा होते हुए सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट पहुंचा।
अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि 22 अक्टूबर को भारत मिलन एवं शोभायात्रा शाम 6:30 बजे शिव पैलेस शारदा रोड ब्रह्मपुरी में होगी। इस अवसर पर मनोज गुप्ता, महामंत्री मनोज अग्रवाल खद्दर वाले, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, डॉ. आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल, कार्यालय प्रभारी अनिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे


