नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। ऑल सेंट्स स्कूल में गुरुवार को भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आधार कार्ड शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को आधार कार्ड में संशोधन तथा नए आधार कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर के आयोजन से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को काफी लाभ मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रपति पदक से अलंकृत एवं पोस्ट फोरम सलाहकार समिति के सदस्य सरदार सरबजीत सिंह कपूर ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर आमजन को आवश्यक सरकारी सेवाएँ सरलता से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. डॉली ऑगस्टीन एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। प्रधानाचार्या डॉ. डॉली ऑगस्टीन ने भारतीय डाक विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में इस प्रकार की सुविधाएँ उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का समय और श्रम बचता है। उन्होंने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आधार कार्ड से संबंधित आवश्यक सेवाएँ विद्यालय परिसर में ही प्राप्त करने का अवसर मिला। इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षा संस्थानों और सरकारी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समाज को सुविधाजनक सेवाएँ उपलब्ध कराना है। ऑल सेंट्स स्कूल परिवार ने भारतीय डाक विभाग के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की तथा शिविर के सफल संचालन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।


