नित्य संदेश ब्यूरो
नोएडा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर हुए हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़े 2 ऑडियो वायरल होने के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले में एंटी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की तरफ से एक कथित ऑफर/धमकी भरा ऑडियो ‘काला हिरण’ फिल्म के निर्माता अमित जानी को मिला है।
अमित जानी के अनुसार, ऑडियो में कहा जा रहा है – “अगर तुम टाइगर श्रॉफ पे फायरिंग कर सकते हो तो हम भी तुमपे फायरिंग कर सकते है।” जानी ने इस ऑडियो की जानकारी गृह मंत्रालय और नोएडा पुलिस को दी है। अमित जानी ने बताया कि ‘काला हिरण’ फिल्म के निर्माण के समय से ही पूरा एंटी लॉरेंस ग्रुप उन्हें टारगेट बनाए हुए है। उन्हें शक है कि जानी के संबंध लॉरेंस बिश्नोई से हैं और वह उसकी फंडिंग से उसे हीरो बनाकर फिल्म बना रहे हैं। जानी ने स्पष्ट किया, “मेरा किसी भी गैंग से या उसके सरगना से कोई संबंध नहीं है। लेकिन टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद अब ऑडियो में कहा जा रहा है कि ‘तुम गोली चला सकते हो तो हम भी चला सकते है’। मेरा टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले से क्या लेना-देना है जो मुझे जवाबी गोलीबारी की धमकी दी जा रही है?”
उन्होंने कहा कि यह एंटी लॉरेंस ग्रुप की पुरानी धारणा है कि लॉरेंस उनका साथी है और वह उसको ‘काला हिरण’ फिल्म में हीरो के रूप में पेश कर रहे हैं और लॉरेंस जो करता है उसकी जानकारी उन्हें रहती है। अमित जानी के मुताबिक उन्हें पहले भी बम्बइया गैंग, नीरज गैंग, कौशल चौधरी गैंग, हिमांशु भाऊ गैंग, रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और शहजाद भट्टी की तरफ से धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी रिपोर्ट विभिन्न थानों में दर्ज है। फिलहाल उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने और इस नए धमकी भरे ऑडियो की जांच कराने की मांग की है।


