नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की बीसीए छात्रा खुशी सिंघल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय देकर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। कॉमनवेल्थ स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CSA) में कैंपस एंबेसडर के रूप में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहीं खुशी को CSA Campus Ambassador Week के 14वें सप्ताह में ‘कैंपस एंबेसडर ऑफ द वीक’ के रूप में विशेष पहचान मिली है।
इस उपलब्धि पर खुशी ने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला से मुलाकात की। कुलपति ने उनका स्वागत करते हुए उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कॉमनवेल्थ 56 सदस्य देशों को जोड़ने वाला अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो शिक्षा, युवा नेतृत्व और आपसी सहयोग को बढ़ावा देता है। CSA के कैंपस एंबेसडर कार्यक्रम के लिए वर्ष 2026-27 हेतू प्राप्त आवेदनों में से चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों को संगठित करने के अनुभव, छात्र हितों के प्रति प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता को महत्व दिया गया। ऐसे प्रतिस्पर्धी चयन के बीच खुशी को मिली पहचान उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को रेखांकित करती है। खुशी सिंघल की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करेगी।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने खुशी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय की ओर से इस प्रकार की सकारात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
खुशी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की रैंकिंग में हो रहा सुधार, विद्यार्थियों को मिल रहे प्रोत्साहन और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे अवसर युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
गाजियाबाद की रहने वाली खुशी सिंघल ने बताया कि शुरुआत में वह कॉमनवेल्थ को मुख्य रूप से खेलों से जुड़े संगठन के रूप में जानती थीं। बाद में इंटरनेट और गूगल के माध्यम से इसके बारे में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि कॉमनवेल्थ शिक्षा, युवा नेतृत्व, छात्र हितों और जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी कार्य करता है। उन्होंने इसके विभिन्न कार्यक्रमों और भारतीय विद्यार्थियों की भागीदारी के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान उन्हें कॉमनवेल्थ स्टूडेंट्स एसोसिएशन (CSA) के कैंपस एंबेसडर कार्यक्रम के बारे में पता चला और आवेदन आमंत्रित किए जाने पर उन्होंने अपना आवेदन प्रस्तुत किया।
खुशी ने बताया कि चयन के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए नियमित रूप से कार्य किया और अपनी गतिविधियों का पोर्टफोलियो तैयार किया। CSA की साप्ताहिक बैठकों में एंबेसडरों के कार्यों और योगदान की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि लगभग 14 सप्ताह तक निरंतर सक्रिय भागीदारी और कार्य के आधार पर उन्हें ‘Campus Ambassador of the Week’ के लिए चुना जाना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन, विश्वविद्यालय द्वारा मिल रहे प्रोत्साहन तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। खुशी ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति और बेहतर होती पहचान से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।


