नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद मेरठ खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 हेतु मतदान शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान के बाद सील्ड मतपेटिकाएं सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम में स्ट्रांग रूम में पुलिस अभिरक्षा में रखी जाएंगी।
- मेरठ खण्ड स्नातक – मतगणना हॉल गांधी हॉल बिल्डिंग हॉल-बी, स्ट्रांग रूम अनुसंधान निदेशालय भवन हॉल नं0-2
- मेरठ खण्ड शिक्षक – मतगणना हॉल गांधी हॉल बिल्डिंग हॉल-ए, स्ट्रांग रूम अनुसंधान निदेशालय भवन हॉल नं0-1
मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होगी। प्रत्येक हॉल में 14-14 टेबल तथा 01-01 आरओ टेबल लगेगी। प्रत्याशियों से कहा गया है कि वे अपने मतगणना अभिकर्ता का आवेदन प्रारूप-18 में नाम, पता व 02 फोटो के साथ 24 अक्टूबर तक नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय मेरठ में जमा कर दें।
वरीयता से लिखना होगा वोट, हस्ताक्षर किया तो होगा निरस्त
मतदाताओं को बैंगनी रंग के स्केच पेन से वोट देना होगा, जो मतदान पार्टी देगी। जिस अभ्यर्थी को पहली वरीयता देनी है, उसके सामने अंक में 1 लिखें, दूसरी, तीसरी वरीयता के लिए 2, 3, 4 आदि लिखें। वरीयता केवल अंकों में लिखी जाएगी, शब्दों में नहीं। भारतीय अंकों 1,2,3 या रोमन I, II, III में लिख सकते हैं। मतपत्र पर हस्ताक्षर न करें, इनिशियल न बनाएं, नाम या कोई शब्द न लिखें, अंगूठे का निशान, सही/क्रॉस का चिन्ह न लगाएं। ऐसा करने पर मतपत्र निरस्त कर दिया जाएगा। कम से कम एक अभ्यर्थी के सामने अंक 1 लिखना अनिवार्य है।


