
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गत 35 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए श्री हनुमान शोभायात्रा समिति (रजि.) द्वारा इस वर्ष भी श्री राम भक्त हनुमान जी की 36वीं विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर, सदर नया बाजार में शोभायात्रा में सम्मिलित होने वाली नवीन प्रतिमा का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा पूजन संपन्न हुआ। पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अक्षत जैन, अभय श्रीवास्तव, सुमित, गोपाल जैन, संशील बाबा एवं अमित गोयल ने पूजन में सहभागिता की। पूरे विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्री हनुमान जी के चरणों में नमन कर सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
इस अवसर पर श्री हनुमान शोभायात्रा समिति (रजि.) के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनुभव जैन, महामंत्री पारस खण्डूजा, मुख्य संयोजक ललित अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक सिंघल सहित सचिन गोयल, अमित अग्रवाल, राजीव टुटेजा, विकास गुप्ता, सौरभ भाटिया, सुबीर बैनर्जी, नीरज धमिजा एवं अन्य धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।


